आईसीसी का निलंबन अप्रत्याशित, लेकिन सुधारात्मक कदम जारी: क्रिकेट कनाडा
आनन्द
- 02 Jun 2026, 04:47 PM
- Updated: 04:47 PM
टोरंटो, दो जून (भाषा) क्रिकेट कनाडा ने कहा है कि उसकी सदस्यता निलंबित करने का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का फैसला अप्रत्याशित था लेकिन संस्था ने वैश्विक क्रिकेट संस्था द्वारा बताई गए संचालन और वित्तीय कमियों को दूर करने के लिए व्यापक सुधारात्मक कदम शुरू कर दिए हैं।
आईसीसी ने रविवार को अहमदाबाद में हुई अपनी बोर्ड बैठक में क्रिकेट कनाडा की सदस्यता तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी। आईसीसी के अनुसार यह कार्रवाई सदस्यता संबंधी दायित्वों के 'गंभीर उल्लंघनों' के कारण की गई। हालांकि विश्व क्रिकेट संस्था ने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों के हितों की रक्षा के लिए कनाडा की राष्ट्रीय टीमें आईसीसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए पात्र बनी रहेंगी।
इस निर्णय पर प्रतिक्रिया देते हुए क्रिकेट कनाडा ने कहा कि वह आईसीसी के फैसले का सम्मान करता है और सभी अनुपालन आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
क्रिकेट कनाडा ने 'स्पोर्ट्सनेट' को दिए बयान में कहा, ''यह निलंबन अप्रत्याशित था। फिर भी, क्रिकेट कनाडा आईसीसी के फैसले का सम्मान करता है और सभी अनुपालन आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बोर्ड ने समिति को निर्देश दिया है कि वह अपनी जांच और सुधार संबंधी जिम्मेदारियों को तेज करे, ताकि शासन, वित्तीय निगरानी और रिपोर्टिंग प्रणालियों को बिना किसी देरी के मजबूत बनाया जा सके। ''
क्रिकेट कनाडा ने यह भी बताया कि आईसीसी से नोटिस मिलने के बाद उसने सुधारात्मक उपायों को लागू करना शुरू कर दिया है। इसमें कहा गया, ''आईसीसी का नोटिस प्राप्त होने के बाद से क्रिकेट कनाडा ने शासन, वित्तीय निगरानी और प्रशासनिक कमियों को दूर करने के लिए तत्काल, व्यापक और व्यवस्थित सुधारात्मक कदम उठाए हैं जिनकी बात आईसीसी के पत्राचार में की गई थी। ''
संस्था ने कहा कि वह आईसीसी द्वारा उठाई गई चिंताओं को गंभीरता से ले रही है और देश में क्रिकेट के विकास को बढ़ावा देने के साथ-साथ बेहतर प्रशासनिक मानकों पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
यह निलंबन क्रिकेट कनाडा से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के आरोपों की आईसीसी जांच के बीच आया है। इन आरोपों को इस वर्ष की शुरुआत में 'करप्शन, क्राइम एंड क्रिकेट' के नाम से सीबीसी डॉक्यूमेंट्री में उजागर किया गया था।
क्रिकेट कनाडा ने कहा कि वह आईसीसी के भ्रष्टाचार-रोधी ढांचे के तहत काम करता है और शीर्ष क्रिकेट संस्था की सभी लागू आवश्यकताओं का पालन कर रहा है। साथ ही उसने कहा कि किसी भी निष्कर्ष का आधार सत्यापित तथ्य और उचित प्रक्रिया होगी।
कनाडा आईसीसी का एक एसोसिएट सदस्य है और इस वर्ष आयोजित आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में भी भाग ले चुका है।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द
0206 1647 टोरंटो