ट्रंप की आव्रजन कार्रवाई का वित्तपोषण करने के लिए प्रतिनिधि सभा के रिपब्लिकन सदस्य करेंगे विचार
पवनेश
- 09 Jun 2026, 09:28 PM
- Updated: 09:28 PM
वाशिंगटन, नौ जून (एपी) रिपब्लिकन पार्टी के प्रतिनिधि सभा के सदस्य आव्रजन प्रवर्तन के लिए लगभग 70 अरब अमेरिकी डॉलर की राशि को मंजूरी देने पर मंगलवार को विचार करेंगे, जो अगले तीन वर्षों और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल के शेष समय के दौरान गृह सुरक्षा की दो एजेंसियों का वित्तपोषण करने के लिए पर्याप्त है।
अमेरिकी संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष माइक जॉनसन को विधेयक पर हफ्तों तक चलने वाली कार्यवाही को पूरा करने के लिए सदन में लगभग पूर्ण उपस्थिति और पार्टी सदस्यों के एकजुट रहने की आवश्यकता होगी।
यह विधेयक उस समय अटक गया था, जब रिपब्लिकन पार्टी ने व्हाइट हाउस परिसर में सुरक्षा बढ़ाने के लिए 1 अरब अमेरिकी डॉलर की राशि शामिल करने की मांग की, जिसमें ट्रंप के नये 'बॉलरूम' (एक विशाल बैठक कक्ष) की सुरक्षा भी शामिल है।
ट्रंप प्रशासन ने राष्ट्रपति के उन सहयोगियों को मुआवजा देने के लिए लगभग 1.8 अरब अमेरिकी डॉलर का कोष बनाने का प्रयास किया है, जिनका दावा है कि उनके खिलाफ अनुचित जांच की गई और अभियोजित किया गया। ये प्रस्ताव राजनीतिक रूप से विवादास्पद साबित हुए और इन्हें रद्द कर दिया गया।
अब, यह विधेयक पूरी तरह से आव्रजन प्रवर्तन पर केंद्रित है, एक ऐसा विषय जिसे रिपब्लिकन पार्टी ने दोनों राजनीतिक दलों (रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक पार्टी) के बीच एक निर्णायक मुद्दा माना है और उन्हें उम्मीद है कि यह इस साल के मध्यावधि चुनावों में उन्हें जीत दिलाएगा।
विधेयक में आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन के लिए 38 अरब अमेरिकी डॉलर, सीमा गश्ती के लिए 26 अरब अमेरिकी डॉलर और अप्रत्याशित खर्चों को पूरा करने के लिए 5 अरब अमेरिकी डॉलर का प्रावधान है, जिससे निर्वासन से जुड़े ट्रंप के एजेंडे को बल मिलेगा।
विधेयक के बारे में रिपब्लिकन सांसद जॉनसन ने कहा, ''यह बहुत पहले ही पारित हो जाना चाहिए था। हमें सीमा सुरक्षा और आव्रजन प्रवर्तन के लिए धन की आवश्यकता है, और यह दुखद है कि रिपब्लिकन को खुद से यह करना पड़ रहा है।''
यह धन उस लगभग 140 अरब अमेरिकी डॉलर के अतिरिक्त है जो रिपब्लिकन के बहुमत वाली संसद ने पिछले साल ट्रंप के कर और खर्च कटौती विधेयक के तहत आईसीई (आव्रजन सीमा शुल्क प्रवर्तन) और सीमा शुल्क एवं सीमा सुरक्षा को दी थी।
मिनियापोलिस में एलेक्स प्रीटी और रेनी गुड की मौत के बाद, डेमोक्रेट ने इन एजेंसियों के कामकाज में महत्वपूर्ण बदलाव किए बिना उन्हें और अधिक धन देने का विरोध किया है।
प्रतिनिधि सभा के डेमोक्रेटिक नेता हकीम जेफरीज ने कहा कि उनकी पार्टी इस पैकेज का विरोध करेगी।
न्यूयॉर्क के सांसद जेफरीज ने कहा, ''हमारा मानना है कि करदाताओं के पैसे का इस्तेमाल अमेरिकी लोगों के जीवन को आसान बनाने के लिए किया जाना चाहिए, न कि आईसीई को 70 अरब अमेरिकी डॉलर का एक और खुला चेक देने के लिए, ताकि वे अमेरिकी नागरिकों पर अत्याचार करें और कानून का पालन करने वाले आप्रवासी समुदायों को हिंसक रूप से निशाना बना सकें।''
यदि इसे मंजूरी मिल जाती है, तो यह पैकेज ट्रंप के हस्ताक्षर के लिए जाएगा, जिससे 2029 तक उनके आव्रजन प्रवर्तन और निर्वासन एजेंडा के लिए अनिवार्य रूप से निर्बाध रूप से धन का प्रवाह सुनिश्चित हो जाएगा।
एपी सुभाष पवनेश
पवनेश
0906 2128 वाशिंगटन