विकसित भारत बनाने के लिए मोदी सरकार की पहलों का लाभ उठाया जाना चाहिए: भूपेंद्र पटेल
माधव
- 12 Jun 2026, 10:32 PM
- Updated: 10:32 PM
गांधीनगर, 12 जून (भाषा) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से पिछले 12 वर्ष में शुरू की गई पहलों, प्रमुख परियोजनाओं और सुशासन के उपायों का लाभ उठाकर एक विकसित भारत का निर्माण किया जाना चाहिए।
पटेल केंद्र में मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से गांधीनगर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि देश के 140 करोड़ नागरिकों के विश्वास और समर्थन पर आधारित मोदी के सुशासन का सिलसिला आने वाले वर्षों में भी जारी रहेगा।
उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने भी 'भरोसे, विकास और जन-कल्याण के 12 साल' विषय पर आधारित कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
पटेल ने कहा, "मोदी ने 'विकसित भारत' और 'आत्मनिर्भर भारत' बनाने का संकल्प लिया है। हमें पिछले 12 वर्षों में मोदी की ओर से शुरू की गई विकास योजनाओं, प्रमुख परियोजनाओं और सुशासन के उपायों का लाभ उठाकर एक विकसित भारत का निर्माण करना चाहिए।"
उन्होंने कहा कि 2014 में मोदी के सत्ता संभालने के बाद से देश की सियासी तस्वीर बदल गई है और विकास की राजनीति का एक नया अध्याय लिखा गया है।
पटेल ने कहा कि मोदी ने लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने का गौरव हासिल किया है और विकास, विश्वास तथा जन-कल्याण से प्रेरित होकर 'विकसित भारत' के सपने और संकल्प के साथ देश को आगे बढ़ाया है।
उन्होंने कहा, "पिछले 12 वर्ष में देश के लोगों ने मोदी को असाधारण समर्थन दिया है और उन पर अटूट भरोसा जताया है।"
पटेल ने कहा कि मोदी ने न केवल भारत में, बल्कि एक वैश्विक नेता के तौर पर भी हर जगह स्वीकार्यता हासिल की है और उन्हें दुनियाभर के 32 देशों के सर्वोच्च सम्मान मिले हैं।
उन्होंने कहा, "मोदी जी ने स्वच्छ भारत अभियान, पीएम आवास योजना, जल जीवन मिशन और आयुष्मान भारत जैसी विभिन्न योजनाओं के जरिये वंचित, गरीब और आदिवासी समुदायों को मुख्यधारा में लाने का काम किया है।"
पटेल ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक और हवाई हमलों के साथ-साथ 'ऑपरेशन सिंदूर' ने दुनिया के सामने 'नये भारत' की क्षमता का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद-370 को हटाने से सरदार वल्लभभाई पटेल के एकजुट और अखंड भारत के सपने को साकार किया गया।
उपमुख्यमंत्री संघवी ने कहा कि एक नेता के तौर पर मोदी ने देशभक्ति के भाव से लाखों नागरिकों को प्रेरित किया है, लोगों को जिंदगी को सही दिशा में ले जाने के लिए प्रोत्साहित किया है और महिला सशक्तीकरण व महिला नेतृत्व को बढ़ावा दिया है।
उन्होंने कहा, "मोदी ने समाज के हर वर्ग को प्रेरित किया है। वह ऐसे नेता हैं, जिन्होंने न केवल वोट हासिल करके, बल्कि लोगों का दिल जीतकर शासन किया है।"
संघवी ने कहा, "पद संभालने के बाद से मोदी ने एक भी दिन छुट्टी लिए बिना दिन-रात लगातार काम करते हुए अथक सेवा की है। 12 वर्ष की निरंतर सेवा का रिकॉर्ड ऐसा है, जिसकी बराबरी देश या दुनिया का कोई अन्य प्रधानमंत्री नहीं कर सकता।"
भाषा पारुल माधव
माधव
1206 2232 गांधीनगर