ऑस्टेलिया ने महिला टी20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका को 65 रन से हराया किया शानदार आगाज
नमिता
- 13 Jun 2026, 10:31 PM
- Updated: 10:31 PM
मैनचेस्टर, 13 जून (भाषा) जॉर्जिया वेयरहम के हरफनमौला प्रदर्शन और फोबे लिचफील्ड की ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने महिला टी20 विश्व कप में शनिवार को यहां दक्षिण अफ्रीका को 65 रन से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।
छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने ग्रुप एक के इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए लिचफील्ड की 24 गेंद में 50 रन की पारी की मदद से आठ विकेट पर 172 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 16.4 ओवर में 107 रन पर आउट हो गई।
लिचफील्ड ने अपनी पारी में नौ चौके और एक छक्का लगाया जबकि एलिस पेरी ने 26 गेंद में 36 रन और वेयरहम ने 22 गेंद में 32 रन का योगदान दिया। पेरी और वेयरहम ने पांचवें विकेट के लिए 38 गेंद में 58 रन की साझेदारी की।
'प्लेयर ऑफ द मैच' जॉर्जिया वेयरहम ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए 2.4 ओवर में 13 रन देकर तीन विकेट चटकाए। सोफी मोलिन्यू और अलाना किंग को दो-दो, जबकि किम गर्थ और एश्ली गार्डनर को एक-एक सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी रही और 11वें ओवर के बाद टीम तीन विकेट पर 77 रन बनाकर मुकाबले में बनी हुई थी। लेकिन इसके बाद टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही और रन गति के दबाव में बिखर गई।
दक्षिण अफ्रीका के लिए कप्तान लौरा वोलवार्ट ने सर्वाधिक 44 रन बनाए, जबकि नादिन डी क्लार्क ने 25 रन का योगदान दिया।
ऑस्ट्रेलिया की टीम 17 जून को अब बांग्लादेश से भिड़ेगी, जबकि दक्षिण अफ्रीका की टीम उसी दिन पाकिस्तान का सामना करेगी।
इससे पहले दिन के एक अन्य मैच में स्कॉटलैंड ने कैथरीन ब्राइस के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत आयरलैंड को 40 रन से हराया।
ग्रुप दो के इस मुकाबले में स्कॉटलैंड ने पांच विकेट पर 161 रन बनाए और फिर आयरलैंड को 19.1 ओवर में 121 रन पर आउट कर दिया।
कैथरीन ब्राइस ने 39 गेंद में 60 रन की पारी खेलने के साथ 3.1 ओवर में 19 रन देकर दो विकेट भी चटकाए।
स्कॉटलैंड की ओर से विकेटकीपर सेरा ब्राइस ने 49 रन का योगदान दिया, जबकि गेंदबाजी में क्रिस्टी गॉर्डन और कैथरीन प्रेजर ने तीन-तीन विकेट लिए।
आयरलैंड के लिए सलामी बल्लेबाज एमी हंटर ने 39 रन और ऑर्ला प्रेंडरगास्ट ने 33 रन बनाए, लेकिन टीम जीत हासिल नहीं कर सकी।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता
1306 2231 मैनचेस्टर