दिल्ली: उत्पीड़न के कारण व्यक्ति की 'हत्या' के आरोप में भाई और भाभी गिरफ्तार
प्रशांत
- 16 Jun 2026, 11:41 PM
- Updated: 11:41 PM
नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर इलाके में अप्रैल में एक फैक्टरी के बाहर प्लास्टिक की बोरी में गद्दों और कंबलों के बीच ठूंसा हुआ एक सड़ा-गला शव मिलने के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतक के भाई और भाभी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि महिला के प्रति मृतक के कथित आपत्तिजनक व्यवहार को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और इसी के कारण उसकी हत्या की गई।
पुलिस ने बताया कि शव पर "अमित-किरण" का टैटू जांच में अहम सुराग साबित हुआ, जिसके आधार पर मृतक की पहचान की गई और हत्या की गुत्थी सुलझाई गई।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी गोपाल (32) और उसकी पत्नी सोमा उर्फ सीमा (35) को दो महीने से अधिक समय तक चली जांच के बाद गिरफ्तार किया गया। इस जांच में 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण करना, पहचान और तलाश के लिए 200 से अधिक नोटिस प्रसारित करना और दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश तथा पश्चिम बंगाल में छापेमारी करना शामिल था।
यह मामला चार अप्रैल को तब प्रकाश में आया, जब पुलिस को प्रेम नगर फाटक के पास रामा रोड पर एक फैक्टरी के गेट के बाहर प्लास्टिक की बोरी पड़े होने की सूचना मिली।
पुलिस ने बताया कि निरीक्षण करने पर पुलिस को बोरी के अंदर दो गद्दे और दो कंबलों में लिपटा हुआ एक पुरुष का सड़ा-गला शव मिला। पीड़ित के पैर मोबाइल फोन की चार्जर केबल से बंधे हुए थे।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और डॉक्टरों ने राय दी कि मौत का कारण सिर पर लगी चोट के साथ-साथ गला घोंटने के कारण दम घुटना था। उन्होंने इस मौत को हत्या बताया।
पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम के दौरान, सड़ी-गली त्वचा की परत हटाने के बाद जांचकर्ताओं को मृतक की दाहिनी बाजू पर एक टैटू दिखाई दिया, जिस पर "अमित-किरण" लिखा हुआ था। यह टैटू मृतक की पहचान करने के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण सुराग बन गया।
जांच के दौरान, पुलिस ने एक ई-कार्ट (इलेक्ट्रॉनिक ठेला) की पहचान की, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर शव को ले जाने के लिए किया गया था। इसके चालक समेत दो मजदूरों का पता लगाकर उनसे पूछताछ की गई।
उनके बयानों के आधार पर जांचकर्ता गाजियाबाद में लोनी के इंद्रपुरी में एक किराए के मकान तक पहुंचे। पुलिस ने बताया कि परिसर की फोरेंसिक जांच में खून से सने साक्ष्य जब्त किए गए।
लगातार चली जांच से आखिरकार मृतक की पहचान अमित कुमार के रूप में स्थापित हुई। पुलिस को बाद में पता चला कि इस किराए के मकान में मृतक का भाई गोपाल और उसकी पत्नी सोमा रहते थे।
जांचकर्ताओं के अनुसार, इस घटना के तुरंत बाद दंपति ने मकान खाली कर दिया और वे छिप गए। तकनीकी निगरानी, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के विश्लेषण, आईएमईआई ट्रैकिंग और रिश्तेदारों व सहयोगियों के सत्यापन से पुलिस को उनकी गतिविधियों का पता लगाने में मदद मिली।
पुलिस ने दंपति को 15 जून को रामा रोड पर शिव बस्ती में एक रेलवे लाइन के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने कहा कि गहन पूछताछ के दौरान प्रथम दृष्टया यह सामने आया कि कुमार शराब पीने का आदी था और वह अक्सर सोमा के प्रति आपत्तिजनक व्यवहार करता था।
जांचकर्ताओं के अनुसार, कुमार सोमा पर ऐसे अधिकार जताने की कोशिश करता था मानो वह उसकी पत्नी हो। वह उससे अनुचित मांगें करता था और उसके साथ शारीरिक संबंध स्थापित करने का प्रयास करता था।
भाषा नोमान प्रशांत
प्रशांत
1606 2341 दिल्ली