दक्षिण दिल्ली में व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में चार गिरफ्तार
प्रशांत
- 18 Jun 2026, 12:59 AM
- Updated: 12:59 AM
नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) दक्षिण दिल्ली के संगम विहार इलाके में पुरानी पारिवारिक रंजिश को लेकर बुधवार को चार लोगों ने 42 वर्षीय एक व्यक्ति की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित हृदयेश मिश्रा उर्फ भूरा निर्माण कार्य करता था और अपने परिवार के साथ संगम विहार इलाके में रहता था।
पुलिस ने बताया कि यह घटना सुबह करीब पांच बजे एक मंदिर के पास हुई। उसने बताया कि मिश्रा अपने भाई अजय के साथ वहां एक मिनी ट्रक को हटाने बाइक से गए थे।
पुलिस के मुताबिक, जब अजय अपना वाहन स्टार्ट कर रहा था, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार हमलावर वहां पहुंचे और मिश्रा पर गोलियां चला दीं। हमलावरों को देखकर मिश्रा ने अपनी मोटरसाइकिल छोड़ दी और अपनी जान बचाने के लिए पास के एक गोदाम की ओर भागे। अजय भी उसकी ओर दौड़ा।
पुलिस ने बताया कि मिश्रा को कई गोलियां लगीं और वे गोदाम के गेट के बाहर गिर पड़े। हमलावरों ने वहां से भागने से पहले भी कथित तौर पर गोलीबारी जारी रखी।
मिश्रा को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती हाथापाई में अजय को मामूली चोटें आईं और उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची। अपराध टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने अपराध स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि मिश्रा और एक आरोपी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। माना जा रहा है कि यह आरोपी मिश्रा का चचेरा भाई है और उसी इलाके का निवासी है। प्रारंभिक जांच से संकेत मिला है कि मिश्रा की हत्या पुरानी पारिवारिक रंजिश से जुड़ी हुई थी
पुलिस ने बताया कि यह दुश्मनी प्रथम दृष्टया उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में पहले दर्ज किए गए एक हत्या के मामले से जुड़ी हुई है, जहां का मिश्रा परिवार मूल रूप से रहने वाला है। यह परिवार पिछले कई वर्षों से संगम विहार में रह रहा है।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर कानूनी कार्यवाई शुरू कर दी गई है। आरोपियों की पहचान करने और उनका सुराग लगाने के लिए पुलिस टीमों ने इलाके से एकत्र किए गए सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटनाक्रम के सही क्रम और आरोपियों की भूमिका का पता लगाने के लिए जांच जारी है।"
भाषा
प्रचेता प्रशांत
प्रशांत
1806 0059 दिल्ली