जायसवाल शानदार हैं, उम्मीद है कि वह मौके भुनाते रहेंगे: गिल
नमिता
- 20 Jun 2026, 10:22 PM
- Updated: 10:22 PM
चेन्नई, 20 जून (भाषा) कप्तान शुभमन गिल ने शनिवार को उम्मीद जताई कि 'शानदार' यशस्वी जायसवाल भारत की एकदिवसीय टीम में अपनी जगह बनाए रखने के लिए बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखेंगे।
जायसवाल ने नाबाद 110 रन बनाए जिससे भारत को यहां अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे और आखिरी एकदिवसीय में नौ विकेट से शानदार जीत मिली। 50 ओवर के प्रारूप में बाएं हाथ के इस बल्लेबाज का यह दूसरा शतक था।
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिल ने कहा, ''हम सभी जानते हैं कि वह एक शानदार खिलाड़ी हैं और किसी भी खिलाड़ी के लिए (बाहर बैठना) आसान नहीं होता। अगर सभी खिलाड़ी उपलब्ध हों तो वह बदकिस्मत खिलाड़ी हैं जिन्हें कभी-कभी बाहर बैठना पड़ता है। उन्हें इस श्रृंखला में कुछ मैच मिले और आज उन्होंने बहुत अच्छा खेला।''
उन्होंने कहा, ''इसलिए उम्मीद है कि वह अच्छा प्रदर्शन करते रहेंगे और उन्हें जो भी मौके मिलेंगे उन्हें भुनाते रहेंगे।''
गिल ने श्रृंखला के आखिरी दो मैच में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी की जिससे कि जायसवाल को रोहित शर्मा के साथ पारी का आगाज करने का मौका दिया जा सके। रोहित ने भी अपने युवा साथी के साथ 170 रन की साझेदारी करते हुए 79 रन की अहम पारी खेली।
लेकिन जब विराट कोहली टीम में लौटेंगे तो गिल को पारी का आगाज करने के लिए लौटना होगा और तीसरे नंबर की जगह इस अनुभवी बल्लेबाज को देनी होगी।
रोहित ने भी यहां रन बनाए हैं इसलिए हो सकता है कि जायसवाल को एक बार फिर बाहर बैठना पड़े।
गिल ने कहा कि जब भी ऐसी स्थिति आएगी वह उसे संभाल लेंगे।
उन्होंने कहा, ''सभी खिलाड़ियों का अच्छा प्रदर्शन करना अच्छी बात है और मुझे लगता है कि (इंग्लैंड श्रृंखला के लिए) टीम का ऐलान कल या अगले कुछ दिन में हो जाएगा। तो हम टीम देखेंगे और इंग्लैंड में अपनी सबसे अच्छी 11 खिलाड़ियों की टीम उतारेंगे।''
युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैच में सात विकेट लेकर इंग्लैंड जाने वाली टीम में शामिल होने के लिए मजबूत दावेदारी पेश की।
गिल ने कहा, ''मुझे लगता है कि उन्होंने अधिकतर जरूरी चीजें पूरी कीं। लेकिन कुछ चीजें ऐसी हैं जो वे अनुभव के साथ सीखेंगे और उम्मीद है कि एक गेंदबाज के तौर पर वे और बेहतर होते जाएंगे। अगर मैं थोड़ी आलोचना करूं तो उन्होंने थोड़े अधिक रन दिए। वे कभी-कभी थोड़े अस्थिर भी रहे।''
उन्होंने कहा, ''लेकिन वे शीर्ष स्तर पर अपनी पहली श्रृंखला खेल रहे हैं और तेज गेंदबाजी कर रहे हैं। उनमें वे सभी अच्छे गुण हैं जो हम एक युवा, लंबे, तेज गेंदबाज से चाहते हैं और अनुभव के साथ वे और बेहतर ही होंगे।''
गिल को बाएं हाथ के युवा स्पिनर हर्ष दुबे में भी काफी क्षमता दिखती है।
भारतीय कप्तान ने कहा, ''अगर हम ऑलराउंडर और विशेषकर बाएं हाथ के ऑलराउंडर के पूल को देखें तो मुझे लगता है कि यह एक अच्छा विकल्प है। हमारे पास अक्षर (पटेल) और दुबे हैं तो हमारे पास एक अच्छा पूल है और वे बहुत युवा हैं।''
उन्होंने कहा, ''जब हम उनके जैसे ऑलराउंडर को देखते हैं तो यह जरूरी है कि हमें ऐसे खिलाड़ियों पर भरोसा हो।''
अफगानिस्तान के कोच रिचर्ड पाइबस बल्लेबाजों के प्रदर्शन से निराश थे क्योंकि कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी के पहले एकदिवसीय शतक के बावजूद टीम 218 रन पर ऑलआउट हो गई।
पाइबस ने कहा, ''यह उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं था और इस विकेट पर हमें कम से कम 300 रन की जरूरत थी।''
उन्होंने कहा, ''उम्मीद है कि जब हम इस साल के आखिर में टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए यहां वापस आएंगे, तो हम उन कमियों को सुधार पाएगे जो इस बार रह गई थीं।''
भाषा सुधीर नमिता
नमिता
2006 2222 चेन्नई