पुणे में कारोबारी की हत्या: पुलिस ने सिया गोयल के माता-पिता और भाई को पूछताछ के लिए बुलाया
सुरेश
- 27 Jun 2026, 04:25 PM
- Updated: 04:25 PM
पुणे, 27 जून (भाषा) महाराष्ट्र पुलिस ने पुणे के 25-वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की कथित हत्या के मामले में सह-आरोपी सिया गोयल के माता-पिता और भाई को पूछताछ के लिए शनिवार को लोनावला (ग्रामीण) थाने तलब किया।
सिया के माता-पिता (प्रवीण और पूजा गोयल) तथा उसके भाई साहिल शनिवार सुबह पुलिस थाने पहुंचे।
इससे पहले पुलिस ने शुक्रवार को साहिल से 10 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी, जिसके बाद शाम को उसे जाने की अनुमति दे दी गई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "आज सिया के माता-पिता और भाई को पूछताछ के लिए बुलाया गया है और उनके बयान दर्ज किए जाएंगे।"
इस सप्ताह की शुरुआत में सिया की गिरफ्तारी के बाद उसके पिता की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें कुछ समय के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
केतन की मंगेतर सिया गोयल (20) और उसके प्रेमी चेतन चौधरी (22) पर आरोप है कि उन्होंने 18 जून को पुणे ज़िले के मावल तालुका स्थित लोहागढ़ किले की एक चट्टान से केतन को खाई में धक्का दे दिया था।
पुलिस के मुताबिक, सिया और केतन (25) की शादी नवंबर में होने वाली थी, लेकिन सिया यह शादी नहीं करना चाहती थी। आरोप है कि सिया और चेतन ने केतन को रास्ते से हटाने की साज़िश रची और उस योजना को अंजाम दिया।
केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने परिवार की इस मांग को स्वीकार कर लिया कि मामले की सुनवाई त्वरित अदालत में हो। साथ ही उन्होंने वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम को इस मामले में विशेष लोक अभियोजक नियुक्त किया।
जांच में यह भी सामने आया है कि सिया और चेतन ने अपराध से पहले और बाद में अपने मोबाइल फोन की बाचचीत का ब्योरा व्यवस्थित तरीके से हटा दिया था। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन फॉरेंसिक प्रयोगशाला भेज दिए हैं, ताकि हटाए गए डेटा को दोबारा प्राप्त किया जा सके।
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन दोनों एक कैफे में मिले थे, जहां उन्होंने हत्या की योजना को अंतिम रूप दिया और लोहागढ़ किले पर वह सटीक स्थान भी तय किया, जहां से केतन अग्रवाल को धक्का देना था।
पुलिस का यह भी कहना है कि चेतन ने कथित तौर पर सिया को अपने मंगेतर की हत्या करने के लिए उकसाया था।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश
2706 1625 पुणे