उत्तराखंड: कर्णप्रयाग घटना के आरोपी चारों निहंग सिखों को मिली जमानत, रिहा होकर पंजाब के लिए रवाना
राजकुमार
- 27 Jun 2026, 11:28 PM
- Updated: 11:28 PM
देहरादून/गोपेश्वर, 27 जून (भाषा) उत्तराखंड के चमोली जिले की एक अदालत ने शनिवार को कर्णप्रयाग में हुई हाल की घटना के संबंध में गिरफ्तार चारों निहंग सिखों को जमानत दे दी जिसके बाद वे जेल से रिहा होकर पंजाब के लिए रवाना हो गए । अधिकारियों ने यह जानकारी दी ।
माना जा रहा है कि निहंग सिखों की जमानत पर रिहाई होने के बाद 16 जून को हुई कर्णप्रयाग घटना से उपजे तनाव में कमी आएगी ।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, चमोली के जिला एवं सत्र न्यायाधीश विन्ध्याचल सिंह ने आरोपियों— सतविंन्द्र सिंह, अजय सिंह, जसनप्रीत सिंह और मनप्रीत सिंह की जमानत अर्जी स्वीकार कर ली ।
न्यायालय ने प्रत्येक आरोपी को 50-50 हजार रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि के दो-दो जमानतदार पेश करने पर जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया।
आरोपियों की ओर से पेश चमोली जिला विधिक सहायता प्राधिकरण के डिप्टी कानूनी सहायता रक्षा परामर्शदाता अधिवक्ता मोहन चंद्र पंत ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुसार जमानत बांड भरकर रिलीज आर्डर चमोली की जिला जेल भेजा गया ।
उन्होंने बताया कि इसके बाद सभी आरोपी जेल से रिहा होकर पंजाब के लिए रवाना हो गए । पंत ने बताया कि पंजाब से आए अपने करीब एक दर्जन साथियों के साथ चारों आरोपी एक कार में सवार होकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए ।
कर्णप्रयाग में 16 जून को स्थानीय लोगों और निहंग सिखों के बीच हुए मामूली विवाद के दौरान कथित तौर पर तलवार से किए गए हमले में कुछ लोग घायल हो गए थे। इस घटना में निहंग मनप्रीत सिंह भी घायल हुआ था। बाद में, घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मनप्रीत सिंह समेत पंजाब के मोहाली के चार निहंग सिखों को गिरफ्तार किया था ।
कर्णप्रयाग बाजार में 16 जून को एक मामूली विवाद के दौरान हुई घटना में निहंगों की गिरफ्तारी के बाद रुद्रप्रयाग जिले के नगरासू गुरुद्वारा प्रकरण में निहंगों के साथ गतिरोध की स्थिति बन गई थी जिन्होंने 20 जून को गुरुद्वारे की छत पर चढ़कर प्रवेशद्वार बंद कर लिया था। हालांकि, एक सिख प्रतिनिधिमंडल के सहयोग से चौथे दिन 23 जून को प्रशासन उस गतिरोध को समाप्त कर पाया जिसके बाद निहंग छत से नीचे उतरकर अपने गंतव्यों को रवाना हुए ।
इसके दो दिन बाद, गिरफ्तार निहंगों की रिहाई की मांग को लेकर 25 जून की रात देहरादून जिले में हिमाचल प्रदेश से लगी कुल्हाल सीमा से कुछ निहंग सिख जबरन उत्तराखंड में प्रवेश कर गए थे, जिन्हें समझा-बुझाकर वापस पांवटा साहिब भेज दिया गया।
भाषा दीप्ति सं राजकुमार
राजकुमार
2706 2328 देहरादून