ओडिशा के मुख्यमंत्री ने महिला उद्यमिता मंच की शुरुआत की, एमएसएमई क्लस्टर और पार्कों का उद्घाटन किया
रंजन
- 28 Jun 2026, 10:12 AM
- Updated: 10:12 AM
भुवनेश्वर, 28 जून (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य में महिलाओं के नेतृत्व वाले उद्यमों को बढ़ावा देने के लिए नीति आयोग के सहयोग से शुरू किए गए महिला उद्यमिता मंच के ओडिशा चैप्टर की शनिवार को शुरुआत की।
अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के अवसर पर आयोजित 'उद्यमी ओडिशा एमएसएमई कार्यक्रम' में महिला उद्यमिता मंच की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल महिलाओं को वित्तीय सहायता, मार्गदर्शन , विपणन सहयोग और कौशल विकास उपलब्ध कराकर उनकी आर्थिक नेतृत्व क्षमता को मजबूत करेगी।
उन्होंने कहा, ''यह ओडिशा के विकास की यात्रा में महिलाओं के आर्थिक नेतृत्व का एक व्यापक अभियान है।''
मुख्यमंत्री ने कहा, ''हमारा लक्ष्य ऐसा ओडिशा बनाना है, जहां महिलाएं केवल नौकरी तलाशने वाली नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाली बनें। केवल उत्पादों की उपभोक्ता नहीं, बल्कि स्वयं उत्पादों का निर्माण करें और विकास की भागीदार ही नहीं, बल्कि विकास का नेतृत्व भी करें।''
माझी ने डब्ल्यूईपी की एक वर्षीय कार्ययोजना की शुरुआत की और राज्य की 'सुभद्रा योजना' की सफलता का उल्लेख करते हुए दावा किया कि इस योजना के तहत एक करोड़ से अधिक महिलाओं को सशक्त बनाया गया है और वे आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी बयान के अनुसार, महिला उद्यमिता मंच के माध्यम से मिशन शक्ति, एमएसएमई विभाग, स्टार्टअप ओडिशा, बैंक और औद्योगिक संस्थानों को एक साथ जोड़कर महिला उद्यमियों को वित्तीय सहायता, विपणन सहयोग, मार्गदर्शन और कौशल विकास उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने एमएसएमई क्षेत्र को ओडिशा की आर्थिक वृद्धि की रीढ़ बताते हुए बालासोर में 24.18 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 'राइस मिलिंग क्लस्टर' का उद्घाटन किया, जिससे राइस ब्रान ऑयल के उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने भुवनेश्वर के निकट पहाल में 17.70 करोड़ रुपये की लागत वाले रसोगोला क्लस्टर की आधारशिला भी रखी, जिसका उद्देश्य पारंपरिक मिठाई रसोगोला के उत्पादन को बढ़ावा देना है।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने गंजाम जिले के बरपाली और कालाहांडी जिले के केसिंगा में 10-10 करोड़ रुपये की लागत से बने दो बहुउद्देशीय एमएसएमई पार्कों का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में उपस्थित नीति आयोग के उपाध्यक्ष अशोक कुमार लाहिड़ी ने कहा कि उच्च आर्थिक विकास दर के कारण ओडिशा एक 'उभरते हुए सितारे' के रूप में सामने आया है। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना में निवेश के कारण राज्य नीति आयोग के वित्तीय स्वास्थ्य सूचकांक 2026 में शीर्ष स्थान पर रहा है।
उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने कहा कि महिला उद्यमिता मंच की शुरुआत राज्य की महिला उद्यमियों के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत है।
भाषा शोभना रंजन
रंजन
2806 1012 भुवनेश्वर