समय पर पूरे हों पटना मेट्रो के सभी कार्य,दो जुलाई को मलाहीपकड़ी तक दौड़ेगी मेट्रो : मुख्यमंत्री
जितेंद्र
- 29 Jun 2026, 04:23 PM
- Updated: 04:23 PM
पटना, 29 जून (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री ने सोमवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि पटना मेट्रो रेल परियोजना के सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
उन्होंने कहा कि दो जुलाई को पटना मेट्रो रेल परियोजना के मलाहीपकड़ी तक विस्तारित खंड का लोकार्पण किया जाएगा, जिससे शहरवासियों को आवागमन में सुविधा होगी और समय की बचत होगी।
मुख्यमंत्री ने लोक सेवक आवास (मुख्यमंत्री निवास) स्थित 'संकल्प' सभागार में पटना मेट्रो रेल परियोजना की प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि पटना मेट्रो शहर की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने वाली एक महत्वपूर्ण परियोजना है।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, समीक्षा बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार तथा पटना मेट्रो रेल परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने नया अंतरराज्यीय बस अड्डा (आईएसबीटी) से आकाशवाणी तक प्रस्तावित कॉरिडोर-1 तथा आईएसबीटी से मीठापुर (जगनपुरा होते हुए) तक चल रहे निर्माण कार्य सहित पूरी परियोजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए प्रभावी और वैज्ञानिक यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि परियोजना के विभिन्न स्थलों पर एक साथ तेजी से कार्य किए जाएं, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण पूरा किया जा सके।
चौधरी ने कहा, " निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। परियोजना की नियमित निगरानी कर प्रगति की सतत समीक्षा की जाए और समयबद्ध ढंग से सभी कार्य पूरे किए जाएं।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना मेट्रो के संचालन से राजधानीवासियों को सुरक्षित, तेज, आधुनिक और विश्वस्तरीय सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे सड़क यातायात का दबाव कम होगा, प्रदूषण में कमी आएगी व लोगों का आवागमन अधिक सुगम एवं सुविधाजनक बनेगा।
उन्होंने कहा कि राजधानी के सुनियोजित विस्तार और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सैटेलाइट टाउनशिप का विकास समयबद्ध एवं व्यवस्थित तरीके से किया जाना आवश्यक है।
बैठक में नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार तथा पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार आर. पुडुकलकट्टी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
भाषा कैलाश जितेंद्र
जितेंद्र
2906 1623 पटना