उप्र: कासगंज में प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त, महिला प्रशिक्षु पायलट सुरक्षित
नरेश
- 29 Jun 2026, 08:00 PM
- Updated: 08:00 PM
कासगंज/नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के कासगंज में सोमवार को दो सीट वाला एक प्रशिक्षण विमान एक खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, अलीगढ़ हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाला यह विमान कासगंज जिला मुख्यालय क्षेत्र में पुलिस लाइंस के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
पुलिस ने बताया कि जमीन पर गिरने से पहले विमान एक हाई-टेंशन तार से टकरा गया था।
वहीं नयी दिल्ली स्थित नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने बताया कि उत्तर प्रदेश के कासगंज में दुर्घटनाग्रस्त हुए प्रशिक्षण विमान में सवार 28 वर्षीय महिला प्रशिक्षु पायलट सुरक्षित हैं और घटना की जांच की जा रही है।
महानिदेशालय ने एक बयान में बताया, ''अलीगढ़ में उड़ान प्रशिक्षण में लगा चेतक एविएशन सेसना 152 विमान वीटी-एएफबी कासगंज के एक खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। महिला प्रशिक्षु पायलट के सुरक्षित होने की सूचना है।''
डीजीसीए के अनुसार, चेतक एविएशन ने जानकारी दी कि विमान का पायलट पूरी तरह सुरक्षित है।
सेसना 152 एक एकल इंजन वाला दो सीट का विमान है, जिसका मुख्य रूप से प्रशिक्षण गतिविधियों के लिए उपयोग किया जाता है।
घटना के बारे में विस्तृत जानकारी तत्काल उपलब्ध नहीं हो सकी।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने बताया कि विमान क्षेत्र के ऊपर उड़ान भर रहा था कि तभी अचानक उसकी ऊंचाई कम होने लगी और वह पास के एक खेत में जा गिरा।
उन्होंने बताया, ''नीचे आते समय विमान हाई-टेंशन तार से टकरा गया, जिससे तार टूट गए और विमान को भी काफी नुकसान पहुंचा।''
पुलिस के मुताबिक, घायल प्रशिक्षु पायलट की पहचान महाराष्ट्र निवासी कायनात के रूप में हुई है और उन्हें तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
चिकित्सकों के अनुसार, उनकी हालत स्थिर है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी बचाव दलों के साथ मौके पर पहुंचे और एहतियात के तौर पर दुर्घटनास्थल की घेराबंदी कर दी गई।
बिजली विभाग तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारी भी क्षतिग्रस्त बिजली लाइन की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मौके पर पहुंचे।
हाई-टेंशन तार टूटने के बाद आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरती गई। जांच में सहायता के लिए अलीगढ़ से भी एक टीम कासगंज पहुंची है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले अचानक तेजी से नीचे आया था।
अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है लेकिन तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।
प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश
2906 2000 कासगंज