के. सुधाकरन की मादक पदार्थ विरोधी बैठक ''निजी कार्यक्रम'' थी: कोच्चि पुलिस आयुक्त
रंजन
- 01 Jul 2026, 03:59 PM
- Updated: 03:59 PM
कोच्चि, एक जुलाई (भाषा) कोच्चि नगर पुलिस आयुक्त कलिराज महेश कुमार ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस नेता एवं कन्नूर से सांसद के़ सुधाकरन की ओर से हाल में ''ऑपरेशन तूफान'' के तहत आयोजित एक कथित बैठक निजी कार्यक्रम थी।
बैठक को लेकर पत्रकारों ने अधिकारी से सवाल किया था। बैठक में कथित तौर पर आपराधिक मामलों का सामना कर रहे लोग और कई चर्चित गिरोह के सरगना भी शामिल हुए थे।
कुमार ने कहा कि मादक पदार्थ-विरोधी अभियान के तहत होने वाले सरकारी कार्यक्रम और समारोह पुलिस या राज्य सरकार की देखरेख में आयोजित किए जाते हैं और वह निजी कार्यक्रमों के सही या गलत होने पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।
उन्होंने पत्रकारों को बताया, ''ऑपरेशन तूफान के तहत पुलिस कई आधिकारिक कार्यक्रम चला रही है। 'रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन' (आरडब्ल्यूए) के सदस्यों और टूरिस्ट गाइड वगैरह समेत कई लोग इसके तहत 'तूफान वॉरियर्स' और स्वयंसेवक के तौर पर शामिल हुए हैं।''
उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ लड़ाई को सफल बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा और एकजुट रहना होगा।
यह पूछे जाने पर कि क्या इस अभियान की सफलता के लिए आपराधिक तत्वों की मदद आवश्यक है, तो उन्होंने कहा कि पुलिस और सरकारी अधिकारी खुद मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला को ''कम'' कर सकते हैं।
इसके अलावा, उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के प्रसार को रोकने के लिए नशीली दवाओं का सेवन करने वालों की मानसिकता में बदलाव की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा, ''यदि गिरोह के सरगना या आपराधिक तत्व मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।''
मंगलवार को राज्य के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने सुधाकरन द्वारा बुलाई गई बैठक के बारे में मीडिया में आई खबरों से खुद को अलग कर लिया।
चेन्निथला ने कहा कि उन्हें इस बैठक के बारे में कोई जानकारी नहीं है और जोर देकर कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ राज्य के अभियान के तहत आधिकारिक बैठकें बुलाने का अधिकार केवल पुलिस अधिकारियों को ही है।
मीडिया के एक वर्ग के अनुसार सुधाकरन द्वारा बुलाई गई कथित बैठक में ऐसे लोग और कुछ चर्चित गिरोह के सरगना शामिल थे जिन पर आपराधिक मामले चल रहे हैं; उनसे सरकार के नशा-विरोधी अभियान में सहयोग करने को कहा गया।
सुधाकरन ने हालांकि अब तक इस विवाद पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
'ऑपरेशन तूफान' मादक पदार्थों के खिलाफ केरल सरकार का राज्य-व्यापी अभियान है। राज्य का गृह विभाग और केरल पुलिस मिलकर इस अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं, ताकि समन्वित प्रवर्तन और जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी और उनके दुरुपयोग पर अंकुश लगाई जा सके।
भाषा सुरभि रंजन
रंजन
0107 1559 कोच्चि