रूस का कीव पर भीषण मिसाइल एवं ड्रोन हमला, 11 लोगों की मौत
नरेश
- 02 Jul 2026, 12:36 PM
- Updated: 12:36 PM
कीव, दो जुलाई (एपी) रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर बृहस्पतिवार रातभर मिसाइल एवं ड्रोन से भीषण हमले किए जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। हमलों के दौरान शहर में कई घंटों तक जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं।
बैलिस्टिक एवं क्रूज मिसाइलों तथा ड्रोन से किए गए इस हमले से पूरे शहर में इमारतों और नागरिक बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान हुआ है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और अन्य अधिकारियों की ओर से हमले को लेकर पहली बार सतर्क किए जाने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने मेट्रो स्टेशनों में शरण ली।
गृह मंत्री इहोर क्लीमेंको के अनुसार, इस हमले में कीव में 11 लोगों की मौत के साथ ही 20 आवासीय इमारतों को भारी नुकसान हुआ है।
कीव शहर के सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमूर तकाचेंको ने बताया कि इस हमले में दो बच्चों समेत 54 लोग घायल हुए और आवासीय इमारतों एवं नागरिक बुनियादी ढांचों सहित 30 स्थानों पर भारी नुकसान की सूचना है।
विदेश मंत्री आंद्रेई सिबिहा ने कीव पर हुए हमले को ''खौफनाक'' करार देते हुए सहयोगी देशों से यूक्रेन की वायु रक्षा क्षमता को और मजबूत करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सहयोगी देश वायु रक्षा प्रणालियों और मिसाइलों की आपूर्ति से जुड़े फैसलों में अब और देरी न करें।
सिबिहा ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा कि बचाव अभियान अभी जारी है और मलबा हटाने का काम किया जा रहा है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
हाल के सप्ताहों में रूस ने कीव पर अपने हमले और तेज कर दिए हैं। वहीं, यूक्रेन भी रूस के सैन्य ठिकानों और ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर लगातार ड्रोन हमले कर रहा है जिससे रूस के भीतर ईंधन की कमी पैदा हो गई है तथा उसकी आपूर्ति शृंखला भी प्रभावित हुई है।
सिबिहा ने यूक्रेन के ड्रोन हमलों के जवाब में रूस की कार्रवाई को उचित ठहराने की किसी भी कोशिश को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 51 के तहत यूक्रेन आत्मरक्षा के अपने अधिकार का प्रयोग कर रहा है जबकि रूस ही आक्रामक रूख बनाए हुए है।
कीव के मेयर विताली क्लिट्स्को ने राजधानी पर ''दुश्मन के भीषण हमले'' के मद्देनजर लोगों से सुरक्षित स्थानों पर ही रहने की अपील की।
उन्होंने बताया कि शेवचेंकिव्स्की जिले में घायल हुए लोगों में से एक स्वास्थ्यकर्मी की हालत बेहद गंभीर है। यूक्रेन की आपातकालीन सेवा के अनुसार, इस जिले में एक होटल और दो पांच मंजिला आवासीय इमारतों को नुकसान पहुंचा है।
क्लिट्स्को ने बताया कि देस्न्यांस्की जिले में क्षतिग्रस्त नौ मंजिला आवासीय इमारत में कुछ लोग फंस गए जिनकी मदद के लिए बचाव दल को मौके पर भेजा गया।
आपातकालीन सेवा के अनुसार, होलोसिएव्स्की जिले में एक 16 मंजिला इमारत की छत पर आग लग गई।
वहीं, स्वियातोशिनस्की जिले में दो घरों में आग लग गई। मेयर के अनुसार, इनमें से एक मकान के मलबे में लोग फंस गए थे।
क्लिट्स्को ने बताया कि रूस की ओर से किए गए हमले के बाद दार्नित्स्की जिले में नौ मंजिला इमारत के छह फ्लोर ढह गए और एक अन्य पांच मंजिला आवासीय इमारत क्षतिग्रस्त हो गई।
आपातकालीन सेवा ने कहा कि इस क्षेत्र में 16 मंजिला इमारत और घर को भी नुकसान पहुंचा है।
तकाचेंको ने बताया कि हमले में देस्न्यांस्की जिले की एक आवासीय इमारत को आंशिक नुकसान पहुंचा। पेचेर्स्की जिले में दो स्थानों पर आवासीय इमारतों के पास और सोलोमियांस्की जिले में एक सरकारी इमारत के निकट आग लग गई।
उन्होंने कहा कि अधिकारी ओबोलोनस्की और पोदिल्स्की जिलों में हुए नुकसान का भी आकलन कर रहे हैं।
कीव क्षेत्रीय प्रशासन के प्रमुख मायकोला कालशनिक ने कहा कि क्षेत्र के पांच जिलों में नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि बूचा जिले में तीन लोग घायल हुए हैं।
एपी खारी नरेश
नरेश
0207 1236 कीव