राजनीतिक दल एसआईआर की प्रक्रिया में सहयोग करें : सीईओ हरियाणा
सुरेश
- 02 Jul 2026, 11:05 PM
- Updated: 11:05 PM
चंडीगढ़, दो जुलाई (भाषा) हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी(सीईओ) ए. श्रीनिवास ने बृहस्पतिवार को सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य-स्तरीय राजनीतिक दलों से अपील की कि वे राज्य में मतदाता सूची के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (एसआईआर) प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए अपने बूथ-स्तरीय एजेंट (बीएलए) और बूथ-स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) के बीच बैठकें आयोजित करें।
श्रीनिवास ने यहां राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि दलों को ऐसी बैठकों की तारीख और समय के बारे में चुनाव अधिकारियों को पहले से सूचित करना चाहिए और कार्यवाही की उचित वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि एसआई की प्रक्रिया 14 जुलाई तक जारी रहेगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 22 सितंबर को प्रकाशित की जाएगी।
श्रीनिवास ने कहा कि बीएलओ को निर्देश दिया गया है कि वे उन सभी घरों में कम से कम तीन बार जाएं, जहां गणना प्रपत्र नहीं दिये जा सके हैं।
उन्होंने कहा कि अगर प्रपत्र तब भी उक्त पते पर कोई प्राप्त नहीं करता है, तो बीएलओ पड़ोसियों से स्थिति की पुष्टि करेंगे और लागू होने के अनुसार 'अनुपस्थित', 'स्थानांतरित हो गए', 'मृत' या 'दोहराव नाम वाले' के तौर पर कारण दर्ज करेंगे।
सीईओ ने कहा कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए, मसौदा मतदाता सूची में जगह नहीं पाने वाले उन मतदाताओं की बूथवार सूची उनके नाम न होने के कारण के साथ, पंचायत भवनों, शहरी स्थानीय निकायों के कार्यालयों और प्रखंड विकास और पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) के कार्यालयों में प्रदर्शित की जाएगी।
श्रीनिवास ने बताया कि यह सूची सीईओ और संबंधित ज़िला चुनाव अधिकारियों (डीईओ) की वेबसाइट पर भी अपलोड की जाएंगी।
सीईओ ने कहा कि बीएलओ को निर्देश दिया गया है कि वे घर-घर जाकर योग्य नए मतदाताओं का नाम पंजीकृत करने में आसानी के लिए अपने साथ 30 से 40 खाली 'फॉर्म-6' और घोषणापत्र आवेदन रखें।
उन्होंने जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 का ज़िक्र करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति एक से ज़्यादा चुनाव क्षेत्र में मतदाता के तौर पर पंजीकृत नहीं हो सकता।
सीईओ ने बताया कि हरियाणा में 2,06,55,929 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से 75,63,762 के गणना प्रपत्र को पहले ही डिजिटल रूप दे दिया गया है।
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश
0207 2305 चंडीगढ़