मोदी 6-11 जुलाई तक इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की यात्रा करेंगे
सुरेश
- 03 Jul 2026, 10:46 PM
- Updated: 10:46 PM
नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी छह से 11 जुलाई तक तीन देशों इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की यात्रा करेंगे। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एमईए ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य इन तीनों देशों के साथ भारत के संबंधों को और प्रगाढ़ करना है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी छह से आठ जुलाई तक इंडोनेशिया का दौरा करेंगे और इसके बाद वह ऑस्ट्रेलिया जाएंगे, जहां उनके प्रमुख कार्यक्रम मेलबर्न में आयोजित होंगे। वह अपनी यात्रा के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड जाएंगे।
मंत्रालय ने कहा, ''भारत और इंडोनेशिया के बीच ऐतिहासिक और घनिष्ठ संबंध हैं। प्रधानमंत्री इंडोनेशिया के योग्याकार्ता स्थित प्रंबानन मंदिर परिसर जायेंगे, जो यूनेस्को का एक प्रमुख विश्व धरोहर स्थल है।''
विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) रुद्रेन्द्र टंडन ने संवाददाताओं से कहा कि इंडोनेशिया में प्रधानमंत्री मोदी के प्रमुख कार्यक्रम जकार्ता में होंगे, जबकि वह ऐतिहासिक शहर योग्याकार्ता का भी दौरा करेंगे।
उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री प्रंबानन मंदिर परिसर जायेंगे, जहां भारत इंडोनेशिया के साथ मिलकर काम करने की योजना बना रहा है। भारत और इंडोनेशिया वहां संरक्षण कार्य में सहयोग करेंगे।''
मंत्रालय ने कहा कि यह मोदी की इंडोनेशिया की चौथी यात्रा होगी और मई 2018 में भारत-इंडोनेशिया संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर पर उन्नत किए जाने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी।
इंडोनेशिया से प्रधानमंत्री मोदी आठ से 10 जुलाई तक ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में रहेंगे। यह यात्रा ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के आमंत्रण पर होगी, जहां वह उनके साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
टंडन ने कहा कि प्रधानमंत्री तीसरे भारत–ऑस्ट्रेलिया वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि वार्ता द्विपक्षीय संबंधों पर केंद्रित होगी। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण खनिजों, साइबर सुरक्षा क्षेत्र, आपूर्ति शृंखला की मजबूती और उभरती प्रौद्योगिकियों पर भी चर्चा होगी।
मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री 10 जुलाई को मेलबर्न से ऑकलैंड रवाना होंगे, जहां वह न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के निमंत्रण पर राजकीय यात्रा करेंगे।
मंत्रालय ने कहा कि ऑकलैंड में प्रधानमंत्री मोदी लक्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे, जिसमें पिछले दो वर्षों में विशेष रूप से व्यापार, वाणिज्य और रक्षा के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
इसने कहा कि मोदी ऑकलैंड में व्यवसाय और खेल जगत की प्रमुख हस्तियों से भी मुलाकात करेंगे।
भाषा देवेंद्र सुरेश
सुरेश
0307 2246 दिल्ली