तीन दिवसीय उप्रटीईटी के दूसरे दिन की परीक्षा संपन्न, 11 फर्जी परीक्षार्थी और एक अभ्यर्थी पकड़ा गया
राजकुमार
- 03 Jul 2026, 07:49 PM
- Updated: 07:49 PM
लखनऊ, तीन जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (उप्रटीईटी-2026) की तीन दिवसीय लिखित परीक्षा के दूसरे दिन शुक्रवार को दोनों पालियों की परीक्षा राज्य भर में शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन तरीके से संपन्न हुई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि इस दौरान अवैध रूप से परीक्षा में शामिल 11 फर्जी परीक्षार्थी और अनुचित साधन का उपयोग करते एक अभ्यर्थी को पकड़ा गया।
एक सरकारी बयान में अधिकारी ने कहा कि प्रथम पाली पूर्वाह्न साढ़े नौ बजे से 12 बजे तक उच्च प्राथमिक स्तर तथा द्वितीय पाली अपरान्ह ढाई बजे से पांच बजे तक प्राथमिक स्तर की परीक्षा प्रदेश के 60 जिलों के 955 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि परीक्षा के दौरान आयोग में स्थापित 'एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम' से सभी परीक्षा केंद्रों की सघन निगरानी की गई तथा यथा-आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
कुमार ने कहा कि प्रथम पाली में एआई आधारित सॉफ्टवेयर की मदद से संदिग्धों की जांच के पश्चात विभिन्न जनपदों में दूसरे परीक्षार्थियों के स्थान पर परीक्षा दे रहे नौ फर्जी परीक्षार्थियों तथा एक जूते में मोबाइल छिपाकर लाये एक अभ्यर्थी को पकड़ा गया।
बयान के अनुसार द्वितीय पाली में विभिन्न जनपदों में दो फर्जी परीक्षार्थी दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़े गए। इन सभी को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा सुचारू रूप से पारदर्शी, नकल विहीन, शुचितापूर्ण, निर्विघ्न एवं ससमय सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई।
अध्यक्ष ने बताया कि शुक्रवार को दोनों पालियों में कुल 8,07,709 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 7,51,321 यानी 93.01% अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया जिनमें महिला परीक्षार्थियों की उपस्थिति 92.70% तथा पुरुष परीक्षार्थियों की उपस्थिति 93.36% रही। परीक्षा के सफल संचालन में संबंधित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ।
कुमार ने बताया कि शिक्षक पात्रता परीक्षा (उप्रटीईटी-2026) की तीन दिवसीय लिखित परीक्षा दो एवं तीन जुलाई को दो-दो पाली तथा चार जुलाई, शनिवार को एक पाली, इस प्रकार कुल पांच पालियों में 60 जिलों में 955 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हो रही है।
भाषा आनन्द
राजकुमार
राजकुमार
0307 1949 लखनऊ