दिल्ली पुलिस ने मोबाइल फोन की खेप चुराने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया
अविनाश
- 03 Jul 2026, 09:25 PM
- Updated: 09:25 PM
नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक ई-कॉमर्स कंपनी के ट्रक से मोबाइल फोन की खेप चुराने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया और लगभग 1.5 करोड़ रुपये कीमत के 604 नए फोन बरामद किए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, 20 जून को द्वारका के सेक्टर-23 थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत एक ई-प्राथमिकी दर्ज की गई थी। यह मामला गोदाम के प्रबंधक रवि की शिकायत पर दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि द्वारका के एक गोदाम से लगभग 4,500 नए मोबाइल फोन एक ई-कॉमर्स कंपनी के ट्रक से हरियाणा के गुरुग्राम भेजे गए थे।
पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक ने कथित तौर पर अपने साथियों के साथ मिलकर रास्ते में ही खेप से लगभग 1,500 मोबाइल फोन निकाल लिए और बाकी सामान के साथ ट्रक छोड़कर भाग गया।
पुलिस ने बताया कि उसने ट्रक के रास्ते में लगे 200 से ज़्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की और एक पिकअप गाड़ी की पहचान की, जिसका इस्तेमाल चोरी के मोबाइल फोन ले जाने के लिए किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि जांच से पता चला कि पिकअप गाड़ी और चोरी गई खेप का कुछ हिस्सा उत्तर प्रदेश पुलिस के नॉलेज पार्क थाने द्वारा पहले ही बरामद किया जा चुका था।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान एटा के रहने वाले पंकज उर्फ धीरेंद्र, आनंद उर्फ रुद्रेश और हाथरस के मोहित उर्फ पुंडीर के तौर पर हुई है।
दिल्ली पुलिस ने तीनों आरोपियों के लिए पेशी वारंट हासिल किए, जिसके बाद उन्हें इस मामले में औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर पूछताछ की गई।
उनसे प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के भिघेपुर गांव में एक बगीचे में छापेमारी की और वहां छिपाकर रखे गए 604 मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी आदतन अपराधी हैं और अलग-अलग राज्यों में मोबाइल खेप की चोरी के ऐसे ही मामलों में शामिल रहे हैं।
जांचकर्ताओं को शक है कि ये तीनों एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का हिस्सा हैं जो रास्ते में महंगी इलेक्ट्रॉनिक खेप को निशाना बनाता है। पुलिस ने बताया कि बाकी सदस्यों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के साथ-साथ चोरी हुए फोन बरामद करने की कोशिशें जारी हैं।
भाषा नोमान
नोमान अविनाश
अविनाश
0307 2125 दिल्ली