एमबाप्पे ने फ्रांस को विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचाया
पंत
- 05 Jul 2026, 08:58 AM
- Updated: 08:58 AM
फिलाडेल्फिया, पांच जुलाई (एपी) स्टार स्ट्राइकर काइलियन एमबाप्पे ने अपने पांव का जादू दिखाते हुए पेनल्टी को गोल में बदला जिससे फ्रांस ने पराग्वे को 1-0 से पराजित करके विश्व कप फुटबॉल के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
पराग्वे के खिलाड़ियों ने एमबाप्पे को खुलकर खेलने से रोके रखा और इस बीच उन्हें भड़काने की भी कोशिश की। यह दिग्गज खिलाड़ी हालांकि शांत बना रहा और इस बीच मुस्कुरा कर खेल का पूरा आनंद भी लेता रहा। यही वजह थी कि जब फ्रांस को 70वें मिनट में पेनल्टी मिली तो उन्होंने बड़ी सहजता से पराग्वे के गोलकीपर ऑरलैंडो गिल को छकाकर उस पर गोल कर दिया।
एमबाप्पे के विश्व कप करियर का यह 19वां गोल था जो आखिर में निर्णायक साबित हुआ। भीषण गर्मी में खेले गए इस मैच में एमबाप्पे के इस गोल ने फ्रांस को लगातार चौथी बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया।
एमबाप्पे ने बाद में कहा, ''हम जानते थे कि इस मैच में क्या होने वाला है। हम भी आक्रामक हो सकते थे लेकिन हम जानते हैं कि कैसे खेलना है। हमें पता है कि आक्रामक फुटबॉल कैसे खेलते हैं। शायद वे सोच रहे थे कि हम सूट-बूट में आएंगे, लेकिन हम तैयार थे।''
फ्रांस क्वार्टर फाइनल में बृहस्पतिवार को मैसाचुसेट्स के फॉक्सबोरो में मोरक्को का सामना करेगा।
पूरे मैच के दौरान भीषण गर्मी की चेतावनी जारी रही क्योंकि तापमान 100 डिग्री फ़ारेनहाइट (38 सेल्सियस) के आसपास बना रहा। ऐसे में एमबाप्पे ने शारीरिक रूप से मजबूत और रक्षात्मक मानसिकता वाली पराग्वे की टीम के खिलाफ मिले सबसे बढ़िया मौके को भुनाने में कोई गलती नहीं की।
फ्रांस को यह पेनल्टी तब मिली जब वीडियो रिव्यू के बाद डिएगो गोमेज़ को ट्रिपिंग का दोषी पाया गया। एमबाप्पे सभी विश्व कप में कुल मिलाकर सर्वाधिक गोल करने के मामले में अर्जेंटीना के लियोनेल मेस्सी के करियर रिकॉर्ड से सिर्फ एक गोल पीछे हैं। इस टूर्नामेंट में एमबाप्पे और मेस्सी दोनों के सात-सात गोल हैं और वे 'गोल्डन बूट' की दौड़ में शीर्ष पर हैं।
एमबाप्पे ने पिछले विश्व कप में यह पुरस्कार जीता था लेकिन तब उनकी टीम फाइनल में अर्जेंटीना से हार गई थी। एमबाप्पे इसके साथ ही पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने तीन विश्व कप के नॉकआउट राउंड में कम से कम तीन गोल किए हैंं।
फ्रांस की जीत का अंतर अधिक हो सकता था लेकिन गिल ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने दूसरे हाफ में एमबाप्पे के एक बेहतरीन प्रयास को नाकाम किया और ओस्मान डेम्बेले को भी गोल करने से रोका।
गिल ने कहा, '' अगर वह पेनल्टी नहीं लगती, तो मैच अतिरिक्त समय तक चला जाता।''
एपी
पंत
पंत
0507 0858 फिलाडेल्फिया