मेरिनो के गोल से स्पेन क्वार्टर फाइनल में, रोनाल्डो के विश्व कप करियर का निराशाजनक अंत
पंत
- 07 Jul 2026, 08:12 AM
- Updated: 08:12 AM
अर्लिंगटन, सात जुलाई (एपी) मिकेल मेरिनो ने दूसरे हाफ के स्टॉपेज टाइम के पहले मिनट में गोल किया जिससे स्पेन ने पुर्तगाल को 1-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया और इसके साथ ही फुटबॉल जगत में अमिट छाप छोड़ने वाले सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो के विश्व कप करियर का भी निराशाजनक अंत हो गया।
मेरिनो को गिराने पर रेफरी ने फाउल का फैसला सुनाया। पुर्तगाल के बर्नार्डो सिल्वा बहस करने लगे, तभी मेरिनो ने गेंद वापस ली, उसे अपने साथियों के साथ मिलकर आगे बढ़ाया और आखिर फेरान टोरेस से पास लेकर गोलकीपर डियोगो कोस्टा को आसानी से छकाकर गोल दाग दिया।
स्पेन ने 2010 में अपना एकमात्र विश्व कप खिताब जीतने के बाद पहली बार क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, जहां उसका मुकाबला शुक्रवार को कैलिफोर्निया के इंगलवुड में बेल्जियम से होगा।
अपना छठा विश्व कप खेल रहे रोनाल्डो पुर्तगाल को लगातार दूसरी बार टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे ज्यादा गोल (146) और सर्वाधिक मैच खेलने वाले (233) खिलाड़ी रोनाल्डो का फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर करियर यहीं पर समाप्त हो गया।
अपने करियर में कई खिताब जीतने वाले रोनाल्डो इस तरह से कभी विश्व कप विजेता नहीं बन पाए। उन्होंने पहले ही घोषणा कर दी थी कि यह उनका अंतिम विश्व कप होगा।
मेरिनो 85वें मिनट में स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में मैदान पर उतरे और उन्होंने जल्द ही अपना वह जलवा दिखा दिया जिसकी बदौलत आर्सेनल ने इस साल 20 से अधिक वर्षों में अपना पहला प्रीमियर लीग खिताब जीता था।
रोनाल्डो ने आठ साल पहले ग्रुप चरण के पहले मैच में स्पेन के खिलाफ 3-3 से ड्रॉ छूटे मैच में विश्व कप में अपनी एकमात्र हैट्रिक बनाई थी। इसे टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ मैचों में से एक माना जाता है।
इस 41 वर्षीय सुपरस्टार ने मौजूदा टूर्नामेंट में तीन गोल किए, लेकिन स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन के सामने उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले, जिन्होंने विश्व कप में बिना गोल खाए खेलने का अपना रिकॉर्ड 609 मिनट तक आगे बढ़ाया। इस तरह से स्पेन विश्व कप में लगातार छह मैचों में गोल न खाने वाली पहली टीम बन गई।
रोनाल्डो के पास गोल करने का सबसे अच्छा मौका 37वें मिनट में था। तब जोआओ फेलिक्स का हेडर साइमन के बाएं कंधे से टकराकर हवा में उछला और रोनाल्डो के पास पहुंचा। उन्होंने गेंद पर अपने दाहिने पैर से बैकवर्ड किक लगाई, लेकिन इस शॉट में कोई जान नहीं थी जिससे साइमन को संभलने और उछलकर उसे पकड़ने का समय मिल गया।
पुर्तगाल ने स्टॉपेज टाइम के आखिरी आठ मिनटों में बराबरी का गोल करने के लिए जीजान लगा दी लेकिन वह साइमन रूपी दीवार को नहीं भेद पाए। इस बीच उसके पास सबसे अच्छा मौका तब आया जब सिल्वा ने हेडर लगाया लेकिन वह नेट के ठीक ऊपर से बाहर निकल गया।
एपी
पंत
पंत
0707 0812 अर्लिंगटन