मुंबई में भारी बारिश से राहत; दो बच्चे डूबे
पवनेश
- 07 Jul 2026, 05:49 PM
- Updated: 05:49 PM
मुंबई, सात जुलाई (भाषा) मुंबई में लगातार दो दिनों तक भारी बारिश के बाद मंगलवार सुबह इसकी तीव्रता घटने से लोगों को राहत मिली और लोकल ट्रेन व सड़क परिवहन सेवाएं सामान्य हो गईं।
अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण दो नाबालिग लड़कों की बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गई और मुंबई के एक उद्यान में सीमेंट की चादरें गिरने से दो महिलाएं घायल हो गईं।
शहर भर में नगर निगम अधिकारियों ने पेड़ और उनकी शाखाएं गिरने की 428 घटनाएं और दीवार तथा घर गिरने की 28 घटनाएं दर्ज कीं, जिससे पता चलता है कि सोमवार को हुई भारी बारिश से व्यापक नुकसान हुआ है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मुंबई-पुणे मार्ग पर भोर घाट खंड में भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुई तीन लाइनों में से एक को मंगलवार रात तक बहाल किए जाने की उम्मीद है। सोमवार को ट्रेन सेवाएं ठप होने के बाद यह एक राहत भरी खबर है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 'ऑरेंज' अलर्ट जारी करते हुए कुछ स्थानों पर रुक-रुककर भारी से बहुत भारी बारिश और 60–70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।
अधिकारियों ने बताया कि एहतियात के तौर पर मुंबई में मंगलवार को सभी सरकारी, निजी एवं नगर निगम संचालित स्कूल एवं कॉलेज बंद रहेंगे।
लगातार हो रही बारिश की वजह से सोमवार को मुंबई और आस-पास के जिलों में जनजीवन लगभग ठप हो गया। कई सड़कें पानी में डूब गईं, पेड़ उखड़ गए और दीवार व 'बिलबोर्ड' गिरने की कई घटनाएं सामने आईं।
पालघर जिले का विरार-वसई खंड सोमवार सुबह से ही जलमग्न था, हालांकि शाम तक बारिश की गति धीमी पड़ने के बाद पानी का स्तर धीरे-धीरे कम हो गया।
पश्चिम रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि मंगलवार तड़के 3:57 बजे विरार से दक्षिण मुंबई के चर्चगेट के लिए पहली लोकल ट्रेन रवाना हुई।
मध्य रेलवे के सभी चार कॉरिडोर पर उपनगरीय ट्रेन सेवाएं कुछ देरी के साथ संचालित हो रही थीं।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बताया कि उन्हें पेड़ और उनकी शाखाएं गिरने की 428 घटनाओं की सूचना मिली जिनमें से 111 शहर में, 126 पूर्वी उपनगरों में और 191 घटनाएं पश्चिमी उपनगरों में दर्ज की गईं। इसी दौरान दीवार या घर के कुछ हिस्से गिरने की 28 घटनाएं दर्ज की गईं।
बीएमसी ने बताया कि सोमवार शाम मलाड और गोवंडी इलाकों में बाढ़ के पानी में डूबने से 17 और 14 साल के दो लड़कों की मौत हो गई।
अंधेरी के लोखंडवाला इलाके में एक निजी उद्यान में योग करते समय पास की एक इमारत से सीमेंट की चादरें गिरने से दो महिलाएं घायल हो गईं। बीएमसी ने बताया कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
मंगलवार सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटे में उपनगरों का प्रतिनिधित्व करने वाली सांताक्रूज स्थित वेधशाला ने 90.4 मिमी बारिश दर्ज की, जबकि आइलैंड सिटी की कोलाबा वेधशाला ने 57.2 मिमी बारिश दर्ज की।
अधिकारियों ने बताया कि रातभर भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन के बाद 18 घंटे से अधिक समय तक बंद रहने के बाद मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के 'मिसिंग लिंक' बाईपास खंड के मुंबई की ओर जाने वाले कैरिजवे पर सोमवार रात यातायात फिर से शुरू हो गया।
सोमवार सुबह करीब 4 बजे 'मिसिंग लिंक' के सबसे लंबे सुरंग मार्ग टनल-2 के निकास के पास भूस्खलन होने के बाद मुंबई की ओर जाने वाले कैरिजवे को बंद कर दिया गया था। 'मिसिंग लिंक' सह्याद्रि पर्वतों को काटकर बनाया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि पिछले दो दिनों में भारी बारिश के कारण पुणे जिले में भूस्खलन की 22 घटनाएं हुईं।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, पुणे जिले के मशहूर हिल स्टेशन लोनावला में सोमवार सुबह सात बजे तक के पिछले 24 घंटों में 670 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि भोर घाट क्षेत्र में प्रभावित रेलवे पटरी की मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर जारी है और उम्मीद है कि मंगलवार रात तक मध्य लाइन बहाल हो जाएगी।
पुणे से 75 किलोमीटर दूर स्थित भोर घाट- जो भारत के सबसे मुश्किल घाट क्षेत्र में से एक है - में तीन रेलवे लाइनें हैं (अप, डाउन और मध्य लाइन) जो खंडाला और पलसधारी रेलवे स्टेशनों के बीच हैं।
नीला ने कहा, ''सुबह से बारिश की तीव्रता में आई कमी के कारण क्षतिग्रस्त रेलवे पटरी को युद्ध स्तर पर ठीक करने का मौका मिल गया। आज रात तक एक लाइन बहाल कर ली जाएगी और हम दूसरी लाइन को भी बहाल करने की कोशिश करेंगे। हालांकि, तीसरी लाइन को ठीक करने में कुछ समय लग सकता है।''
सोमवार को लोनावला-कर्जत घाट खंड में ठाकुरवाड़ी केबिन और मंकी हिल केबिन के बीच हुए भूस्खलन से पटरियों को भारी नुकसान पहुंचने के बाद मंगलवार को भी मुंबई-पुणे मार्ग पर ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहीं।
मध्य रेलवे की ओर से दोपहर में जारी अद्तन के अनुसार, व्यवधान के कारण 14 ट्रेन रद्द कर दी गईं, एक ट्रेन आंशिक रूप से रद्द की गई, पांच ट्रेनों का मार्ग बदला गया, तीन ट्रेन को गंतव्य से पहले ही समाप्त कर दिया गया, तीन ट्रेन को उनके मूल स्टेशन के बजाय बीच के किसी स्टेशन से रवाना किया गया और एक ट्रेन का समय पुनर्निर्धारित किया गया।
रद्द की गई ट्रेनों में पुणे-सीएसएमटी डेक्कन एक्सप्रेस, सीएसएमटी-पुणे डेक्कन क्वीन, पुणे-सीएसएमटी प्रगति एक्सप्रेस, पुणे-सीएसएमटी इंटरसिटी एक्सप्रेस, पुणे-सीएसएमटी इंद्रायणी एक्सप्रेस, सीएसएमटी-पुणे सिंहगढ़ एक्सप्रेस और पुणे-सोलापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस शामिल हैं।
भाषा संतोष पवनेश
पवनेश
0707 1749 मुंबई