योगी आदित्यनाथ ने श्रावण माह की तैयारियों और विकास परियोजनाओं की समीक्षा की
जफर रवि कांत
- 08 Jul 2026, 12:56 AM
- Updated: 12:56 AM
वाराणसी, सात जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को वाराणसी जिले में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ विकास परियोजनाओं की प्रगति, कानून-व्यवस्था की स्थिति तथा आगामी श्रावण माह की तैयारियों की समीक्षा की। सरकार ने एक बयान में यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जिले में चल रही सभी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि एकीकृत मंडलीय कार्यालय के निर्माण का कार्य हर हाल में 18 महीने के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जाए। साथ ही, वाराणसी रोपवे परियोजना को भी तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
आदित्यनाथ ने दलमंडी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण का कार्य शीघ्र पूरा करने तथा प्रभावित लोगों को नियमानुसार मुआवजा वितरित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने 'जल जीवन मिशन' के तहत चल रहे कार्यों में तेजी लाने पर जोर देते हुए कहा कि पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत साथ-साथ कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने शहर में भूमिगत केबल बिछाने का कार्य शुरू करने से पहले संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक आयोजित करने तथा सड़क पंजीकरण की प्रक्रिया समय पर पूरी करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने पेयजल और सीवर पाइपलाइन बिछाने के दौरान काटी गई सड़कों को तत्काल बहाल करने पर विशेष जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने गंगा नदी में संचालित छोटी नौकाओं का नगर निगम के माध्यम से पंजीकरण कराने तथा नाविकों को लाइफ जैकेट जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित की जा रही 'आनंद काशी', 'रुद्र काशी' और 'काशी स्पोर्ट्स सिटी' टाउनशिप की आवश्यक परियोजनाएं निर्धारित समय पर पूरी करने को कहा।
आदित्यनाथ ने 'यूनिटी मॉल' के निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा 'वृक्षारोपण महाअभियान-2026' की तैयारियां सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
श्रावण माह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में स्थानीय लोगों के दर्शन के लिए अलग मार्ग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि श्रावण माह के दौरान मैदागिन से गोदौलिया तक लगाई जाने वाली बैरिकेडिंग से स्थानीय व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और विद्युत विभाग को श्रावण माह के दौरान आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने भीड़ प्रबंधन के लिए परिवहन विभाग और रेलवे के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, 'खोया-पाया' केंद्र, स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन सेवाओं तथा नि:शुल्क लॉकर जैसी सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बयान के अनुसार, आदित्यनाथ ने चौकाघाट में निर्माणाधीन विद्युत उपकेंद्र का स्थलीय निरीक्षण भी किया और संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
भाषा
जफर रवि कांत
0807 0056 वाराणसी