आईएमडी ने दिल्ली के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया
मनीषा
- 09 Jul 2026, 11:57 AM
- Updated: 11:57 AM
( तस्वीरों सहित )
नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) दिल्ली में बृहस्पतिवार सुबह बादल छाए रहे जबकि रात भर हुई बारिश के कारण सुबह सड़कों पर पानी भरा रहा और कई पेड़ उखड़ गए। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज दिन के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है।
आईएमडी ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में 72.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
इस दौरान लोधी रोड मौसम केंद्र में 80.2 मिलीमीटर, रिज में 77.8 मिलीमीटर, पालम में 63.0 मिलीमीटर और आयानगर में 57.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
आईएमडी ने दिल्ली के लिए 'रेड अलर्ट' जारी करते हुए चेतावनी दी कि दिन में बादलों की गरज और बिजली की चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.6 डिग्री कम है।
लगातार कई घंटों तक हुई बारिश से सड़कों पर अव्यवस्था बढ़ गई, पेड़ उखड़ गए और कई इलाके जलमग्न हो गए।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण-पूर्व दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में राजा धीर सिंह मार्ग पर दो पेड़ उखड़ गए जिससे वहां यातायात बाधित हुआ।
उन्होंने बताया कि इस्कॉन मंदिर के पास एक पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर गया जबकि दूसरा नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट के बाहर गिरा।
विकास मार्ग, पूर्वी दिल्ली के इलाकों, नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन, मुनिरका, सदर बाजार और द्वारका समेत दिल्ली के कई हिस्सों में जलजमाव की खबर मिली।
जलजमाव के कारण दिल्ली-नोएडा एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार बहुत धीमी रही। कई यात्रियों और निवासियों ने सोशल मीडिया पर अपनी परेशानी साझा की।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून मध्य भारत से उत्तर की ओर खिसककर हिमालय की तलहटी की ओर छा गया है जिसके कारण पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है।
उन्होंने कहा कि जब तक यह प्रणाली और अधिक उत्तर की दिशा में नहीं बढ़ जाती तब तक दिल्ली में व्यापक बारिश जारी रहने की संभावना है; इसके बाद राष्ट्रीय राजधानी में मौसम के शुष्क रहने की उम्मीद है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 61 दर्ज किया गया जो 'संतोषजनक' श्रेणी में आता है।
शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है।
भाषा सुरभि मनीषा
मनीषा
0907 1157 दिल्ली