नेकां का राज्य का दर्जा बहाली आंदोलन अपनी नाकामियों को छिपाने की कवायद : भाजपा
रंजन
- 10 Jul 2026, 05:42 PM
- Updated: 05:42 PM
नयी दिल्ली, 10 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) का प्रस्तावित प्रदर्शन लोगों का ध्यान भटकाने और केंद्र शासित प्रदेश में शांति भंग करने की कोशिश है।
जम्मू-कश्मीर में सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस ने देशभर के 52 राजनीतिक और धार्मिक संगठनों के नेताओं को पत्र लिखकर 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित किए जाने वाले प्रदर्शन में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।
इस प्रदर्शन के जरिए पार्टी केंद्र सरकार से जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग करेगी।
पार्टी ने इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष सत शर्मा को भी आमंत्रित किया है।
नेकां के प्रदर्शन के आह्वान पर निशाना साधते हुए जम्मू-कश्मीर में भाजपा के प्रभारी तरुण चुघ ने पीटीआई वीडियो से कहा, "यह केवल अपनी अक्षमता तथा विफलताओं से लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि यह सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस द्वारा अपने चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादों से मुकरने के तथ्य पर पर्दा डालने का भी प्रयास है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया, "'गुपकार गैंग' एक मृत मुद्दे को फिर से जिंदा करने की कोशिश कर रहा है।"
चुघ ने नेशनल कॉन्फ्रेंस नेतृत्व से सवाल किया, "अब्दुल्ला जी, क्या आपको अपने घोषणापत्र में किए गए वादे याद हैं? क्या अब तक उनमें से एक भी वादा पूरा हुआ है?"
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में "शांति, पर्यटन, विकास और पारदर्शिता" के नए युग की शुरुआत हो चुकी है।
चुघ ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अथक प्रयासों की बदौलत पर्यटन फिर से पटरी पर लौट आया है तथा शांति और विकास स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "वे जम्मू-कश्मीर के विकास, पर्यटन और शांति को पटरी से उतारना चाहते हैं और अपने वादे पूरे करने में नाकाम रहने से लोगों का ध्यान भटकाना चाहते हैं।"
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को "आंखों में धूल झोंकने वाला कदम" करार देते हुए कहा कि सरकार इस तरह के "नाटक" के जरिए अपनी विफलताओं को छिपाने की कोशिश कर रही है।
शर्मा ने श्रीनगर में संवाददाताओं से कहा कि भाजपा इस प्रदर्शन में हिस्सा नहीं लेगी।
शर्मा ने आरोप लगाया, ''उन्होंने अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए एक नया नाटक शुरू किया है। मुझे समझ नहीं आता कि जम्मू-कश्मीर के लोग बार-बार इनके नाटकों से क्यों प्रभावित हो जाते हैं। पिछले तीन पीढ़ियों से ये लोग तरह-तरह के नाटक करते आए हैं। अब तीसरी पीढ़ी जंतर-मंतर पर नया नाटक कर रही है। यह लोगों की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश है। आप राज्य का दर्जा बहाल करने के नाम पर भ्रष्टाचार कर रहे हैं।''
शर्मा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा संसद के माध्यम से मिलेगा, जंतर-मंतर के जरिए नहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल नहीं होगी।
शर्मा ने कहा, ''हम जंतर-मंतर क्यों जाएं और किसके साथ जाएं? क्या इन ठगों, चोरों और भ्रष्ट लोगों के साथ जाएं? वे उन लोगों को अपने साथ ले जा रहे हैं जो अलगाववाद की भाषा बोलते थे और जिन्होंने कश्मीर में रक्तपात कराया। भाजपा ऐसे चोरों, लुटेरों और हत्यारों को पूरी तरह खारिज करती है।''
भाषा
राखी रंजन
रंजन
1007 1742 दिल्ली