बिहार: नितिन नवीन ने बांकीपुर उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में मतदान की अपील की
जितेंद्र
- 14 Jul 2026, 05:52 PM
- Updated: 05:52 PM
पटना, 14 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को लोगों से बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
नवीन, उपचुनाव से पहले अपने पूर्व विधानसभा क्षेत्र के लोगों के बीच रहने के लिए दो दिवसीय पटना दौरे पर हैं।
विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतगणना तीन अगस्त को होगी।
भाजपा ने पिछले सप्ताह बांकीपुर विधानसभा सीट से नीरज कुमार सिन्हा को अपना उम्मीदवार घोषित किया था।
यह सीट नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी।
नवीन ने संवाददाताओं से कहा, ''मुझे छोटे भाई के रूप में आपने (बांकीपुर की जनता ने) जो स्नेह और आशीर्वाद दिया, वही मेरे छोटे भाई नीरज सिन्हा को भी दें। वह उसी विश्वास और समर्पण के साथ काम करेंगे तथा बांकीपुर के विकास को नई गति देंगे।''
उन्होंने प्रसन्नता जताई कि भाजपा नेतृत्व ने उपचुनाव के लिए जमीनी स्तर के एक कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाया है।
नवीन ने कहा, ''नीरज सिन्हा जनसंघ काल के एक कार्यकर्ता के परिवार से आते हैं। वह ऐसे युवा नेता हैं, जिन्हें क्षेत्र के लोग एक समर्पित पार्टी कार्यकर्ता के रूप में जानते हैं। भले ही वह व्यापक स्तर पर चर्चित जननेता नहीं हों, लेकिन जिन क्षेत्रों में उन्होंने काम किया है, वहां लोगों की सेवा में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।'' भाजपा अध्यक्ष ने विधानसभा क्षेत्र के साथ अपने परिवार के लंबे जुड़ाव का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा, ''मेरे परिवार का इस विधानसभा क्षेत्र के लोगों के साथ लंबे समय का संबंध रहा है। मेरे दिवंगत पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा ने वर्षों के संघर्ष और समर्पण से इस क्षेत्र के विकास में योगदान दिया। मैंने भी पिछले 20 वर्षों में यहां के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनकर काम किया है।''
नवीन ने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में क्षेत्र में पार्क, सामुदायिक भवन और सड़कों का निर्माण कराया गया तथा पेयजल, बिजली सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
उन्होंने विश्वास जताया कि नीरज कुमार सिन्हा के नेतृत्व में बांकीपुर बिहार के सर्वाधिक विकसित विधानसभा क्षेत्रों में शामिल होगा।
भाषा कैलाश जितेंद्र
जितेंद्र
1407 1752 पटना