धामी के दबाव में राहुल गांधी के कार्यक्रम की अनुमति वापस लेने की कोशिश कर रहा प्रशासन: कांग्रेस
जितेंद्र
- 14 Jul 2026, 07:12 PM
- Updated: 07:12 PM
देहरादून, 14 जुलाई (भाषा) कांग्रेस की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मंगलवार को आरोप लगाया कि प्रशासन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दबाव में राहुल गांधी के 17 जुलाई को देहरादून के परेड ग्राउंड में प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए दी गई अनुमति वापस लेने की कोशिश कर रहा है।
गोदियाल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कहा, ''17 जुलाई को शाम पांच बजे देहरादून के परेड ग्राउंड में प्रस्तावित राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए हमें मैदान की अनुमति मिल चुकी है। अब शासन-प्रशासन मुख्यमंत्री के दबाव में किसी न किसी बहाने से इस अनुमति को वापस लेने की कोशिश कर रहा है।'' उन्होंने अधिकारियों से ऐसी ''हरकतें'' नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक परंपरा के तहत आयोजित किए जा रहे एक राजनीतिक कार्यक्रम में बाधा नहीं डाली जानी चाहिए।
गोदियाल ने कहा, ''इस कार्यक्रम में खलल डालने की कोशिश न करें। कार्यक्रम होने दें। अनुमति हमारे पास है।''
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मंगलवार रात साढ़े 11 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एकत्र होने का आह्वान किया।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि रात 12 बजे के बाद 15 जुलाई शुरू होते ही कार्यकर्ता आवश्यक सामग्री के साथ परेड ग्राउंड पहुंचेंगे और वहां टेंट लगाने का कार्य शुरू करेंगे। गोदियाल ने कहा कि राज्य की वर्तमान सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करने को तैयार नहीं है और उसका विरोध करना आवश्यक है।
उन्होंने इस बीच एक अन्य पोस्ट में राहुल गांधी के कार्यक्रम की अनुमति रद्द किए जाने संबंधी खबरों को भ्रामक बताया और विद्यार्थियों से ऐसी अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
गोदियाल ने कहा, ''कार्यक्रम पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होगा। अगर भविष्य में शासन-प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक निर्णय लिया जाता है तो उसकी जानकारी भी समय पर साझा की जाएगी।''
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल के लिए निर्धारित शुल्क जमा कर विधिवत अनुमति पहले ही प्राप्त कर ली गई है और इसकी रसीद भी उपलब्ध है।
कांग्रेस नेता ने बताया कि यह अनुमति 15, 16 और 17 जुलाई के लिए है।
उन्होंने बताया कि 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में राहुल गांधी विद्यार्थियों से संवाद करेंगे।
इस बीच, प्रदेश महासचिव (संगठन/प्रशासन) राजेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि राहुल गांधी के 17 जुलाई के प्रस्तावित कार्यक्रम को सफल बनाने और उससे संबंधित व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में तत्काल प्रभाव से 10 सदस्यीय नियंत्रण कक्ष गठित किया गया है।
भाषा दीप्ति जितेंद्र
जितेंद्र
1407 1912 देहरादून