मप्र : अनुदान वाली पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू, इंदौर से सीधे अबू धाबी पहुंचेंगे यात्री
जोहेब
- 15 Jul 2026, 09:14 PM
- Updated: 09:14 PM
इंदौर, 15 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को एअर इंडिया एक्सप्रेस की इंदौर-अबू धाबी उड़ान सेवा का उद्घाटन करते हुए कहा कि इससे भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती मिलने के साथ ही व्यापार, निवेश और पर्यटन को नया आयाम मिलेगा।
अधिकारियों ने बताया कि मध्यप्रदेश की नागर विमानन नीति 2025 के तहत वित्तपोषित यह राज्य की पहली अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा है जिससे मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले इंदौर और यूएई की राजधानी अबू धाबी के बीच सीधी संपर्क सुविधा उपलब्ध हो गई है।
यादव ने इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आयोजित समारोह में कहा कि यह उड़ान व्यापार, निवेश, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ही राज्य के मालवा-निमाड़ अंचल की बड़ी आबादी को लाभ पहुंचाएगी।
उन्होंने कहा कि सप्ताह में चार दिन (सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार) संचालित होने वाली यह सेवा यात्रियों का समय और खर्च, दोनों घटाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा,''राज्य के लोगों को इंदौर-अबू धाबी मार्ग की हवाई यात्रा में पहले सात से आठ घंटे लगते थे, लेकिन अब यह यात्रा तीन घंटे 15 मिनट में पूरी होगी क्योंकि यात्रियों को दिल्ली या मुंबई जैसे दूसरे शहरों से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा।''
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश नागर विमानन नीति 2025 के तहत राज्य सरकार इस अंतरराष्ट्रीय सेवा के लिए प्रति राउंड ट्रिप 15 लाख रुपये की 'वायबिलिटी गैप फंडिंग' (वीजीएफ) राशि उपलब्ध करा रही है।
यादव ने कहा कि इस सरकारी अनुदान के कारण इंदौर-अबू धाबी मार्ग पर किराया 12,000 से 15,000 रुपये रहने की संभावना है, जबकि पहले यात्रियों को इसके लिए 24,000 से 25,000 रुपये तक खर्च करने पड़ते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर से अबू धाबी जाने वाली पहली उड़ान में करीब 100 सीटों की बुकिंग हुई है, जबकि अबू धाबी से इंदौर आने वाली पहली उड़ान में लगभग 170 सीटें बुक हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में इस मार्ग पर यात्रियों की संख्या बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूएई के साथ भारत के ऐतिहासिक तथा आर्थिक संबंध रहे हैं और यह नयी हवाई सेवा दोनों देशों के बीच संपर्क को मजबूत करेगी।
यादव ने यह भी बताया कि उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद राज्य में तीन नये हवाई अड्डों का लोकार्पण हो चुका है, जबकि उज्जैन और शिवपुरी में दो अन्य हवाई अड्डों का निर्माण जारी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में रीवा-दिल्ली, रीवा-इंदौर और रीवा-रायपुर जैसी उड़ान सेवाएं शुरू की गई हैं और जबलपुर-कोलकाता, भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना तथा रीवा-कोलकाता जैसे नये मार्गों पर उड़ानें शुरू करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर से उज्जैन और ओंकारेश्वर के लिए हेलीकॉप्टर सेवाओं के विस्तार की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि शाजापुर, नीमच, छिंदवाड़ा और मंडला जैसे जिलों को क्षेत्रीय हवाई संपर्क योजना का लाभ दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
भाषा हर्ष जोहेब
जोहेब
1507 2114 इंदौर