तृणमूल की 21 जुलाई की रैली हर हाल में होगी, भले ही मंच या माइक न हों : ममता
सुरेश
- 15 Jul 2026, 10:27 PM
- Updated: 10:27 PM
कोलकाता, 15 जुलाई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि 21 जुलाई को उनकी पार्टी की 'शहीद दिवस' रैली "हर हाल" में होगी। उन्होंने कहा कि अगर बागी गुट या भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इसमें रुकावट डालने की कोशिश की, तो वह बिना माइक के रिक्शे पर बैठकर भी रैली को संबोधित करने के लिए तैयार हैं।
ममता की ये टिप्पणियां तृणमूल कांग्रेस में बगावत की पृष्ठिभूमि में आई हैं। पार्टी का प्रतिद्वंद्वी गुट इस साल 21 जुलाई को एक अलग कार्यक्रम करने की योजना बना रहा है।
ममता ने 'फेसबुक' पर अपने लाइव पोस्ट में उनके खेमे को बिड़ला तारामंडल के पास सालाना 'शहीद दिवस' रैली आयोजित करने की अनुमति देने के लिए कलकत्ता उच्च न्यायालय का आभार जताया।
हालांकि, तृणमूल प्रमुख ने आशंका जताई कि साज-सज्जा करने वालों और साउंड सिस्टम का संचालन करने वालों को डराया-धमकाया जा सकता है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से निष्पक्ष रहने की अपील की।
ममता ने कहा, "मैं प्रशासन से निष्पक्ष रहने का अनुरोध करती हूं। वे साज-सज्जा करने वालों या साउंड सिस्टम का संचालन करने वालों को डराने-धमकाने की कोशिश कर सकते हैं। कृपया ऐसा न करें।"
उन्होंने कहा, "हम बिना माइक के भी बोल सकते हैं। जरूरत पड़ने पर हम रिक्शा या हाथगाड़ी पर खड़े होकर सभा को संबोधित करेंगे। एक बार जब हमने रैली की घोषणा कर दी है, तो वह निश्चित रूप से होगी।"
ममता ने दावा किया कि कुछ दिन पहले पुलिस ने पार्टी के वरिष्ठ नेता डेरेक ओ'ब्रायन और शोभनदेव चट्टोपाध्याय को बुलाकर उन्हें हाजरा क्रॉसिंग पर कार्यक्रम आयोजित करने की सलाह दी थी।
उन्होंने कहा, "उन्होंने इसे ऐसे दिखाया, जैसे यह सड़क किनारे होने वाला कोई मामूली स्थानीय कार्यक्रम हो। वे ऐसा सोच भी कैसे सकते हैं?"
ममता ने पार्टी कार्यकर्ताओं से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि वे बिड़ला तारामंडल पर ही पहुंचें और कहीं और न जाएं।
उन्होंने कहा, "हमारा कार्यक्रम बिड़ला तारामंडल में है। गलती से भी किसी दूसरी जगह न जाएं। अगर कोई आपको कहीं और ले जाने की कोशिश भी करे, तो भी वहां से निकलकर हमारे कार्यक्रम में आएं।"
ममता ने 21 जुलाई 1993 को पुलिस की गोलीबारी में मारे गए लोगों के परिवारों से भी इस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। इन लोगों की याद में पार्टी हर साल 21 जुलाई को 'शहीद दिवस' कार्यक्रम आयोजित करती है।
भाषा पारुल सुरेश
सुरेश
1507 2227 कोलकाता