दिल्ली को शिक्षा के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा: रेखा गुप्ता
मनीषा
- 16 Jul 2026, 04:39 PM
- Updated: 04:39 PM
नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को कहा कि स्कूली बच्चों में ''राष्ट्र देवो भव'' की भावना पैदा की जानी चाहिए ताकि वे इसे उच्च शिक्षा में आगे लेकर जा सकें और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे सकें।
दिल्ली विश्वविद्यालय के शहीद भगत सिंह कॉलेज के हीरक जयंती समारोह को संबोधित करते हुए गुप्ता ने कहा कि देशभक्ति का अर्थ समझने वाले लोग ही देश को आगे ले जा सकते हैं और यह ''विकसित भारत'' के दृष्टिकोण में योगदान देगा।
गुप्ता ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कॉलेज को अपने आसपास की बस्तियों से जुड़कर वहां के बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने का प्रयास करना चाहिए।
राष्ट्रीय राजधानी में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के बारे में गुप्ता ने कहा, ''हमें अवसर विकसित करने होंगे ताकि छात्रों को देश के भीतर अच्छी शिक्षा मिल सके और दिल्ली इसका केंद्र बन सके। हम दिल्ली को शिक्षा के एक केंद्र के रूप में विकसित करने पर विचार कर रहे हैं।''
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के प्रस्तावित नए परिसर में दिल्ली विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए भी छात्रावास विकसित करने की योजना है।
गुप्ता ने शहीद भगत सिंह कॉलेज को स्थापना के 60 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई देते हुए कहा कि यह महाविद्यालय पिछले छह दशकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को आत्मसात करते हुए विद्यार्थियों में 'राष्ट्र प्रथम' की भावना का विकास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति उसकी युवा शक्ति और शिक्षा व्यवस्था पर निर्भर करती है और इसमें शहीद भगत सिंह कॉलेज जैसे संस्थान देश के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने साल भर चलने वाले हीरक जयंती कार्यक्रमों के कैलेंडर और कॉलेज के 'डिजिटल आर्काइव्स' के क्यूआर कोड का अनावरण भी किया।
उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर में 16 अगस्त को 'अटल कैंटीन' का उद्घाटन किया जाएगा, जहां विद्यार्थियों को मात्र पांच रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध होगा। इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय के लिए जल्द ही 50 नई 'यू-स्पेशल' बसें भी शुरू की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, "छात्राओं को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। शिक्षा और महिला सशक्तीकरण एक-दूसरे के पूरक हैं और सरकार इस दिशा में हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।"
इस कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति योगेश सिंह, कॉलेज के डीन बलराम पाणि, कुलसचिव विकास गुप्ता और शहीद भगत सिंह कॉलेज के प्राचार्य अरुण कुमार अत्री उपस्थित थे।
स्वतंत्रता सेनानी शहीद भगत सिंह का जिक्र करते हुए कुलपति ने कहा, ''इतिहास उन्हें याद रखता है जो केवल अपने लिए नहीं बल्कि देश के लिए भविष्य का निर्माण करते हैं।''
भाषा नोमान नोमान मनीषा
मनीषा
1607 1639 दिल्ली