कोलकाता में दुनिया के सबसे बड़े दही उत्पादन संयंत्र की 19 जुलाई को आधारशिला रखेंगे अमित शाह
शफीक
- 18 Jul 2026, 10:28 PM
- Updated: 10:28 PM
नयी दिल्ली, 18 जुलाई (भाषा) केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह 19 जुलाई को कोलकाता के न्यू टाउन कन्वेंशन सेंटर में अमूल बंगाल डेरी परियोजना के तहत दुनिया के सबसे बड़े दही उत्पादन संयंत्र का भूमिपूजन करेंगे। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस अवसर पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी समेत कई गणमान्य व्यक्ति और सहकारिता क्षेत्र के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
सहकारिता मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि अमूल राज्य के हावड़ा फूड पार्क में लगभग 700 करोड़ रुपये के निवेश से अमूल बंगाल डेरी परियोजना की शुरुआत कर रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, परियोजना पूरी होने पर संयंत्र में प्रतिदिन लगभग 30 लाख लीटर दूध प्रसंस्करण की क्षमता होगी और यहां रोजाना करीब 1,000 टन (10 लाख किलोग्राम) दही तथा अन्य किण्वित (कल्चर्ड) दुग्ध उत्पाद तैयार किए जा सकेंगे।
मंत्रालय के अनुसार, परियोजना की प्रस्तावित दैनिक उत्पादन क्षमता में 10 लाख लीटर पैकेज्ड दूध, दो लाख लीटर यूएचटी (अल्ट्रा हाई टेम्परेचर) दूध, एक लाख लीटर आइसक्रीम, 20 टन पनीर, 10 टन घी, 10 टन मिठाइयां तथा करीब 2.5 लाख पैक फ्लेवर्ड दूध का उत्पादन भी शामिल है।
मंत्रालय ने बताया कि पश्चिम बंगाल में अमूल के सहकारी नेटवर्क से 1.25 लाख से अधिक दुग्ध उत्पादक किसान जुड़े हुए हैं, जिनमें 30,000 से अधिक महिलाएं हैं। इस नेटवर्क के माध्यम से राज्य में प्रतिदिन करीब नौ लाख लीटर दूध की खरीद की जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान भारत टैक्सी और पश्चिम बंगाल के सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के बीच राज्य में आवागमन सेवाओं के संचालन और विस्तार के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान भी होगा।
अधिकारियों ने बताया कि शाह 'श्वेत क्रांति 2.0' के तहत राज्य में गठित 200 से अधिक नयी डेरी सहकारी समितियों में से एक को पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रदान करेंगे। साथ ही, 11 नवपंजीकृत बहुउद्देशीय ग्रामीण सहकारी समितियों में से एक को प्रतीकात्मक रूप से प्रमाणपत्र भी सौंपेंगे।
केंद्रीय मंत्री पश्चिम बंगाल में सहकारी समितियों के निबंधक (रजिस्ट्रार) के कार्यालय के कंप्यूटरीकरण के लिए विकसित ई-आरसीएस पोर्टल का भी शुरुआत करेंगे। इसका उद्देश्य पंजीकरण और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को डिजिटल और अधिक पारदर्शी बनाना है।
अधिकारियों ने बताया कि शाह 10 जिलों में कुल 1,400 मीट्रिक टन क्षमता वाले 14 भंडारण गोदामों की आधारशिला भी रखेंगे।
भाषा अमित शफीक
शफीक
1807 2228 दिल्ली