सरकार बनने पर नीट छात्र आंदोलन में घायल, जेल गए युवाओं को पेंशन और नौकरी देंगे: तेजस्वी
नेत्रपाल
- 28 Jul 2026, 05:33 PM
- Updated: 05:33 PM
पटना, 28 जुलाई (भाषा) बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी की सरकार बनने पर हालिया नीट-यूजी
छात्र आंदोलन के दौरान घायल हुए, प्राथमिकी का सामना करने वाले तथा जेल जाने वाले छात्रों और युवाओं के लिए सरकारी पेंशन तथा सरकारी नौकरी की व्यवस्था की जाएगी।
पटना के बांकीपुर उपचुनाव में अपनी पार्टी की उम्मीदवार रेखा गुप्ता के रोड शो पर निकलने से पहले संवाददाताओं से बातचीत में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता ने छात्र आंदोलन को लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताया और कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों तथा युवाओं के खिलाफ जिस प्रकार पुलिस कार्रवाई हुई, वह चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान अनेक छात्रों को लाठीचार्ज का सामना करना पड़ा, कई घायल हुए, कई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई और कुछ को जेल भी जाना पड़ा।
तेजस्वी ने कहा कि युवाओं ने अपने अधिकारों तथा बेहतर परीक्षा व्यवस्था की मांग उठाई थी, इसलिए राजद की सरकार बनने पर उन्हें सम्मानजनक सहायता देने के लिए पेंशन और सरकारी नौकरी की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली निष्पक्ष, सुरक्षित और पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए, तथा युवाओं को रोजगार मिलना चाहिए और भ्रष्टाचार पर सख्ती से रोक लगनी चाहिए। तेजस्वी ने कहा कि इन मुद्दों को लेकर संघर्ष करने वाले छात्रों के साथ राजद हर परिस्थिति में खड़ा रहेगा।
राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जनता के दबाव के कारण सरकार को प्राथमिकी वापस लेनी पड़ीं। हालांकि, उन्होंने कहा कि केवल प्राथमिकी वापस लेना पर्याप्त नहीं है और पूरे घटनाक्रम की न्यायिक जांच कराई जानी चाहिए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि प्रदर्शन के दौरान क्या परिस्थितियां बनीं और पुलिस कार्रवाई किस आधार पर की गई।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले युवाओं के खिलाफ हुई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
उपचुनाव को लेकर तेजस्वी ने कहा कि उनकी पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में है और महागठबंधन को जनता का समर्थन मिल रहा है।
तेजस्वी ने दावा किया कि उन्हें जानकारी मिली है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक पुल के उद्घाटन के बहाने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान आने वाले थे, लेकिन जनता के आक्रोश को देखते हुए कार्यक्रम रद्द कर दिया गया।
भाषा कैलाश
रंजन नेत्रपाल
नेत्रपाल
2807 1733 पटना