नटराज 100 मीटर बैकस्ट्रोक के फाइनल में जगह बनाने में नाकाम, पैरा तैराक भी पदक से चूके
आनन्द
- 29 Jul 2026, 02:36 AM
- Updated: 02:36 AM
ग्लास्गो, 28 जुलाई (भाषा) भारतीय तैराक श्रीहरि नटराज राष्ट्रमंडल खेलों की पुरुष 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रहे जबकि पैरा तैराक आरवीवीबीके बुदिगिना और अली इमाम भी पुरुषों की 50 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 स्पर्धा में पदक की दौड़ में पिछड़ गए।
नटराज सेमीफाइनल की हीट नंबर दो में 55.52 सेकेंड के समय के साथ छठे स्थान पर रहे। उन्होंने सेमीफाइनल में हिस्सा ले रहे 16 तैराकों के बीच कुल 12वां स्थान हासिल किया जबकि शीर्ष आठ तैराकों ने फाइनल में जगह बनाई।
दक्षिण अफ्रीका के पीटर कोएट्जे सेमीफाइनल में 52.20 सेकेंड के समय के साथ शीर्ष पर रहे।
पैरा तैराकी में बुदिगिना और इमाम पुरुषों की 50 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 स्पर्धा के फाइनल में क्रमश: छठे और आठवें स्थान पर रहते हुए पदक जीतने में नाकाम रहे।
छठे स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाने वाले बुदिगिना ने पदक रेस में भी 25.68 सेकेंड का समय लेकर छठा स्थान ही हासिल किया।
इमाम ने भी अपने क्वालीफाइंग वाले नतीजे को ही दोहराया और 28.28 सेकेंड के समय के साथ आठवें स्थान पर रहे।
स्कॉटलैंड के स्टीफन क्लेग ने 24.73 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि दक्षिण अफ्रीका के नाथन हेंड्रिक्स ने रजत पदक (24.84 सेकेंड) हासिल किया।
कनाडा के निकोलस गाय टर्बाइट को कांस्य पदक (24.96 सेकेंड) मिला।
एस13 वर्ग दृष्टिबाधित खिलाड़ियों के लिए पैरा तैराकी का एक वर्ग है
नटराज ने इससे पहले 55.58 सेकेंड का समय निकालकर अपनी हीट में पांचवें और कुल 13वें स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया । प्रारंभिक दौर से 16 सबसे तेज तैराकों को आगे प्रवेश मिलता है ।
नटराज की 50 मीटर के बाद टाइमिंग 26 . 26 सेकेंड थी । उनका सर्वश्रेष्ठ निजी प्रदर्शन 53 . 77 सेकेंड है जो राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है ।
वहीं साजन प्रकाश अपनी हीट में आठवें और कुल मिलाकर 28वें स्थान पर रहने के बाद पुरुषों की 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाए।
32 वर्ष के साजन क्वालीफाइंग के नौवें और अंतिम ग्रुप का हिस्सा थे। उन्होंने 24.94 सेकेंड का समय लिया और इस तरह से प्रतियोगिता से बाहर हो गए। वह अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के करीब भी नहीं पहुंच सके जो 23.83 सेकेंड है। यह राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है।
दो बार के ओलंपियन साजन सोमवार को 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा के फाइनल में आठवें और अंतिम स्थान पर रहे थे। उन्होंने एक मिनट 58.05 सेकेंड का समय लिया था।
उनका यह प्रदर्शन भी निराशाजनक था क्योंकि उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ और राष्ट्रीय रिकॉर्ड एक मिनट 56.38 सेकेंड है।
दो बार के ओलंपियन और 25 वर्ष के नटराज भारत की चार गुणा 200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले टीम में भी थे जो फाइनल में छठे स्थान पर रही थी ।
भारत के लिये राष्ट्रमंडल खेलों की तैराकी स्पर्धा में एकमात्र पदक प्रशांत करमाकर ने जीता है जो दिल्ली में 2010 में हुए खेलों में 50 मीटर फ्रीस्टाइल एस9 पैरा वर्ग में तीसरे स्थान पर रहे थे ।
भाषा
सुधीर आनन्द
आनन्द
2907 0236 ग्लास्गो