मादक पदार्थ मामले में शिक्षकों की गिरफ्तारी पर केरल के मुख्यमंत्री, गृह मंत्री ने जताई हैरानी
शोभना
- 29 Jul 2026, 02:29 PM
- Updated: 02:29 PM
तिरुवनंतपुरम, 29 जुलाई (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन और गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने राज्य में कथित तौर पर मादक पदार्थ के इस्तेमाल और तस्करी के मामले में तीन महिला शिक्षकों की गिरफ्तारी पर बुधवार को हैरानी जताई।
समग्र शिक्षा केरल (एसएसके) पहल के तहत संचालित पेराम्बरा ब्लॉक रिसोर्स सेंटर (बीआरसी) में कार्यरत तीन शिक्षिकाओं कीर्तना, काव्या और नीश्मा को एमडीएमए (मादक पदार्थ) तस्करी गिरोह का हिस्सा होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
सतीशन ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में इस घटनाक्रम को "बेहद गंभीर और चौंकाने वाला" बताया और कहा कि यह घटना दिखाती है कि राज्य में मादक पदार्थों का नेटवर्क कितना फैला हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के मादक पदार्थ रोधी अभियान 'ऑपरेशन तूफान' के कड़ाई से क्रियान्वयन की वजह से इस तरह के लोगों की संलिप्तता का खुलासा हो रहा है।
इससे पहले दिन में, चेन्निथला ने कहा कि यह ''चौंकाने वाला'' है कि शिक्षक मादक पदार्थों के वाहक और विक्रेता बन रहे हैं तथा इस अवैध गतिविधि से होने वाली कमाई उनके माध्यम से बांटी जा रही थी।
उन्होंने कहा, ''यह पूरी तरह से हैरान करने वाला है।''
मंत्री ने कहा कि शिक्षिकाओं की गिरफ्तारी के बाद पता चला कि वडाकरा में मादक पदार्थ संबंधी गतिविधियों में कई अन्य लोग भी शामिल हैं और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
उन्होंने एक टीवी चैनल से कहा, ''हम मादक पदार्थों की आपूर्ति के स्रोत तक पहुंचने के भी प्रयास कर रहे हैं।''
कीर्तना और काव्या से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर विशेष जांच दल (एसआईटी) ने नीश्मा को गिरफ्तार किया।
जांचकर्ताओं को मामले में और लोगों की संलिप्तता के संकेत मिलने के बाद वडाकरा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने एसआईटी का गठन किया था।
इन तीनों शिक्षिकाओं की कथित संलिप्तता का खुलासा एक व्यक्ति की गिरफ्तारी के बाद हुआ, जिसके पास से एमडीएमए बरामद किया गया था।
पुलिस को मामले की जांच के दौरान पता चला कि संदिग्ध एक खाड़ी देश के फोन नंबर पर संदेश भेजता था, जिसके बाद भुगतान के लिए उसे एक क्यूआर कोड प्राप्त होता था।
पुलिस ने बताया कि भुगतान की पुष्टि होने के बाद आपूर्तिकर्ता खरीदार को उस स्थान की तस्वीर भेजते थे, जहां मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया था।
जांचकर्ताओं ने पाया कि वह क्यूआर कोड कीर्तना के बैंक खाते से जुड़ा हुआ था। कीर्तना की गिरफ्तारी के बाद उसने कथित तौर पर काव्या की भी मामले में संलिप्तता का खुलासा किया।
चेन्निथला ने यह भी कहा कि सरकार के मादक पदार्थ रोधी अभियान 'ऑपरेशन तूफान' को मंजूरी मिलने के बाद भ्रष्टाचार से निपटने के लिए एक नयी पहल 'प्रोजेक्ट जिरो-विजिलेंस व्हिसल' शुरू की जा रही है।
भाषा प्रचेता शोभना
शोभना
2907 1429 तिरुवनंतपुरम