श्रावण मास की शुरुआत के साथ बृहस्पतिवार से प्रारंभ होगी कांवड़ यात्रा
सं, दीप्ति रवि कांत
- 29 Jul 2026, 09:34 PM
- Updated: 09:34 PM
हरिद्वार, 29 जुलाई (भाषा) श्रावण मास की शुरुआत के साथ ही बृहस्पतिवार से विश्व की सबसे बड़ी धार्मिक यात्राओं में शामिल कांवड़ यात्रा प्रारंभ होगी। इस दौरान विभिन्न राज्यों से करोड़ों शिवभक्त गंगाजल लेने के लिए उत्तराखंड के हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचेंगे।
प्रत्येक वर्ष आयोजित होने वाली इस यात्रा में शिवभक्त सैकड़ों किलोमीटर की दूरी तय कर हरिद्वार पहुंचते हैं और यहां से गंगाजल लेकर अपने गांव या शहर के शिवालयों में भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं।
अखाड़ा परिषद और मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रविंद्रपुरी ने बताया कि भगवान शिव को जल अत्यंत प्रिय है। इसी कारण शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल ले जाकर अपने-अपने शिवालयों में उनका जलाभिषेक करते हैं।
अधिकारियों के अनुसार, लगभग पखवाड़े भर चलने वाली इस यात्रा के दौरान चार करोड़ से अधिक कांवड़ियों के हरिद्वार पहुंचने का अनुमान है। इसे देखते हुए प्रशासन ने उनकी सुरक्षा और सुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और वरिष्ठ अधिकारी कई बैठकें कर चुके हैं। यात्रा के शांतिपूर्ण और सुचारु संचालन के लिए पड़ोसी राज्यों के अधिकारियों के साथ भी समन्वय स्थापित किया गया है।
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने बताया कि कांवड़ मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अन्य जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
एसएसपी ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान पहली बार सोशल मीडिया पर निगरानी के लिए साइबर कमांडो तैनात किए जाएंगे। ये भ्रामक, फर्जी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से तैयार किए गए वीडियो पर तत्काल कार्रवाई करेंगे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सामान्य भ्रामक वीडियो को 36 घंटे के भीतर, जबकि एआई से तैयार फर्जी वीडियो को लगभग तीन घंटे के भीतर हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सोशल मीडिया मंचों और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है।
एसएसपी ने बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को कांवड़ यात्रा के यातायात से अलग रखा जाएगा।
हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि कांवड़ मेला शुरू होने से पहले ही बड़ी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार पहुंचने लगे हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस वर्ष मानसून और विभिन्न विकास कार्यों के कारण मेला प्रशासन के सामने अतिरिक्त चुनौतियां हैं। एक ओर राष्ट्रीय राजमार्गों पर निर्माण कार्य जारी है, वहीं दूसरी ओर कुंभ-2027 की तैयारियां भी चल रही हैं। इन परिस्थितियों के बीच करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाएं सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
दीक्षित ने बताया कि कांवड़ मेले को लेकर सभी विभागों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 30 जुलाई से 11 अगस्त तक विद्यालयों में अवकाश रहेगा। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
भाषा
सं, दीप्ति रवि कांत
2907 2134 हरिद्वार