नीरज, रोहित और यशवीर राष्ट्रमंडल खेलों के पुरुषों के भाला फेंक फाइनल में
पंत
- 30 Jul 2026, 04:36 PM
- Updated: 04:36 PM
ग्लास्गो, 30 जुलाई (भाषा) दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा के साथ दो अन्य भारतीय बृहस्पतिवार को यहां राष्ट्रमंडल खेलों में क्वालीफिकेशन राउंड में शीर्ष 12 में जगह बनाकर पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा के फाइनल में पहुंच गए।
चोपड़ा ने 2018 में भाला फेंक स्पर्धा का खिताब जीता था। वह क्वालीफिकेशन राउंड में 79.61 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ पांचवें स्थान पर रहे जबकि रोहित यादव (78.37 मीटर) और यशवीर सिंह (78.36 मीटर) क्रमशः नौवें और 10वें स्थान पर रहे। इससे इस स्पर्धा में हिस्सा लेने वाला पूरा भारतीय दल पदक दौर में पहुंचा।
प्रत्येक राउंड में आखिरी थ्रोअर रहने वाले चोपड़ा ने अपना तीसरा और आखिरी प्रयास नहीं किया क्योंकि तब तक वह पदक दौर में जगह बना चुके थे।
क्वालीफिकेशन राउंड के दौरान परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण रहीं जिसमें लगातार सामने से तेज हवा चल रही थी और तापमान 18 डिग्री सेल्सियस बना हुआ था। 18 प्रतिभागियों में से कोई भी 84 मीटर के स्वत: क्वालीफिकेशन मानक को पार नहीं कर सका। इसके चलते शीर्ष 12 खिलाड़ियों ने शुक्रवार को होने वाले फाइनल दौर के लिए क्वालीफाई किया।
इस सत्र में दोहा और रोम डायमंड लीग जीतने वाले शानदार फॉर्म में चल रहे श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिरागे ने पहले ही प्रयास में 82.84 मीटर का थ्रो कर क्वालीफिकेशन राउंड में पहला स्थान हासिल किया।
ग्लास्गो के ठंडे मौसम में 'बीनी' (ऊनी टोपी) पहने नजर आए चोपड़ा को स्कॉट्सटाउन स्टेडियम में दर्शकों से सबसे ज्यादा तालियां मिलीं। हालांकि कठिन परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने संयमित रणनीति अपनाई।
पूर्व विश्व चैंपियन चोपड़ा ने अपने पहले प्रयास में 76.28 मीटर का थ्रो किया जिससे वह पहले दौर के बाद छठे स्थान पर रहे। दूसरे प्रयास में उन्होंने 79.61 मीटर का थ्रो कर पांचवें स्थान पर जगह बना ली। इसके बाद उन्होंने अपना तीसरा और अंतिम प्रयास नहीं किया।
यशवीर का इस सत्र और करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 83.72 मीटर है और उन्होंने भी प्रतियोगिता के दौरान लगातार सुधार किया। 24 वर्षीय खिलाड़ी ने पहले प्रयास में 73.89 मीटर, दूसरे में 74.45 मीटर और अंतिम प्रयास में 78.36 मीटर का थ्रो कर फाइनल के लिए क्वालीफिकेशन सुनिश्चित किया।
रोहित का इस सत्र और करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 87.05 मीटर है। उन्होंने पहले प्रयास में 77.04 मीटर और दूसरे प्रयास में 78.37 मीटर का थ्रो किया। उन्होंने भी अपना अंतिम प्रयास नहीं किया।
चोपड़ा पिछले वर्ष सितंबर से परेशान कर रही कमर के निचले हिस्से की चोट से उबरकर लौटे हैं। इस चोट के कारण उनकी वापसी में देरी हुई और उन्होंने जून में दोहा डायमंड लीग से प्रतिस्पर्धी वापसी की, जहां उन्होंने 85.69 मीटर के थ्रो के साथ चौथा स्थान हासिल किया था।
भाषा नमिता पंत
पंत
3007 1636 ग्लास्गो