उत्तराखंड : शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत की सीबी-सीआईडी जांच के आदेश
दीप्ति रवि कांत
- 31 Jul 2026, 10:25 PM
- Updated: 10:25 PM
देहरादून, 31 जुलाई (भाषा) ''सॉरी मम्मी... मैं जा रही हूं। पिछले छह महीने से मैं यह सब सह रही हूं। अब मुझसे और सहा नहीं जा रहा। ये लोग कभी नहीं बदल सकते। मुझे लगा था कि अब सब ठीक हो जाएगा... फिर लगा कि बाद में ठीक हो जाएगा, लेकिन ये लोग मुझे हर दिन 'मनहूस' कहते हैं।''
उत्तराखंड में सरकारी स्कूल की शिक्षिका सृष्टि कंडारी के सोशल मीडिया पर सामने आए एक कथित वीडियो के आखिरी शब्द यही हैं। सृष्टि की 29 जुलाई को देहरादून के हर्रावाला क्षेत्र स्थित में उसके ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।
इस बीच, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले की सीबी-सीआईडी से जांच कराने के आदेश दिए हैं। यह जानकारी देवप्रयाग से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक विनोद कंडारी ने दी।
आरोप है कि सृष्टि अपने पति सौरभ खत्री और ससुराल के अन्य सदस्यों द्वारा की जा रही कथित प्रताड़ना से परेशान थी। करीब 30 वर्षीय सृष्टि ने वीडियो में कहा है कि वह ससुराल में हो रही प्रताड़ना से उत्पन्न मानसिक पीड़ा और तनाव को अब और नहीं सह पा रही है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह सृष्टि अपने ससुराल के घर में एक कमरे में कथित तौर पर फांसी के फंदे से लटकी मिली। इसके बाद ससुराल वाले उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने सृष्टि की संदिग्ध मौत के मामले में उत्तराखंड सचिवालय में कार्यरत उसके पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की मां सीमा कंडारी की शिकायत पर डोईवाला पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सृष्टि टिहरी जिले के एक सरकारी विद्यालय में शिक्षिका थीं। उनकी शादी पिछले वर्ष नवंबर में सौरभ खत्री से हुई थी।
पुलिस को दी शिकायत में सीमा कंडारी ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज की मांग और अन्य बातों को लेकर मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल के लोग सृष्टि का लगातार अपमान करते थे और उसे प्रतिदिन "मनहूस" कहकर ताने देते थे।
शिकायत के अनुसार, ससुराल पक्ष के लोग परिवार के एक सदस्य की कुछ दिन पहले हुई मृत्यु के लिए भी सृष्टि को जिम्मेदार ठहराते थे और कहते थे कि शादी के बाद उसके घर में आने के बाद से ही परिवार में अनिष्ट होने लगा।
सीमा कंडारी ने अपनी शिकायत में सौरभ खत्री और उसके परिवार के सदस्यों पर अपनी बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
उधर, देवप्रयाग के विधायक विनोद कंडारी ने बताया कि सृष्टि की संदिग्ध मौत की उच्चस्तरीय जांच कराए जाने के उनके अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के गृह सचिव को मामले की जांच सीबी-सीआईडी को सौंपने के आदेश दिए हैं।
विधायक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि सृष्टि उनकी विधानसभा क्षेत्र के रिंगोली गांव की निवासी थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्होंने मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच की मांग की थी।
विधायक विनोद कंडारी ने कहा, ''मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए माननीय मुख्यमंत्री ने तत्काल गृह सचिव को इस पूरे प्रकरण की जांच सीबी-सीआईडी को सौंपने के लिखित आदेश जारी किए हैं।''
भाषा
दीप्ति रवि कांत
3107 2225 देहरादून