'अतिथि देवो भव' की परंपरा को दुनिया तक पहुंचा रहा खानपान सेवा उद्योग: देवनानी
संतोष
- 01 Aug 2026, 05:26 PM
- Updated: 05:26 PM
जयपुर, एक अगस्त (भाषा) राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शनिवार को कहा कि खानपान सेवा उद्योग भारत की 'अतिथि देवो भव' की प्राचीन परंपरा को दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
सीतापुरा स्थित जयपुर प्रदर्शनी एवं सम्मेलन केंद्र (जेईसीसी) में आयोजित 'फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया कैटरर्स' के छठे राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए देवनानी ने कहा कि भोजन केवल पेट भरने का साधन नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा, आत्मीयता और सभ्यता का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि खानपान सेवा के व्यवसाय से जुड़े लोगों पर भारत की सदियों पुरानी आतिथ्य परंपरा को जीवंत बनाए रखने की जिम्मेदारी है।
राजस्थान की विरासत का उल्लेख करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश अपनी समृद्ध संस्कृति और अतिथि सत्कार की परंपरा के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है।
उन्होंने कहा कि दाल-बाटी-चूरमा, गट्टे की सब्जी, केर-सांगरी और घेवर जैसे पारंपरिक व्यंजन राजस्थान की पहचान और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा, ''कैटरिंग उद्योग इन परंपराओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभर रहा है।''
देवनानी ने कहा कि सामाजिक समारोहों, पारिवारिक आयोजनों और विभिन्न सम्मेलनों में लोगों को जोड़ने में कैटरिंग सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
उन्होंने शेफ, कैटरिंग कर्मियों और उद्यमियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे विशेष अवसरों को यादगार बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय खान-पान और आतिथ्य के प्रति दुनिया भर में बढ़ती रुचि को देखते हुए अब खानपान सेवा उद्योग को स्वाद के साथ-साथ गुणवत्ता, स्वच्छता, आधुनिक तकनीक और पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देना होगा।
उन्होंने प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और खाद्य पदार्थों की बर्बादी रोकने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
देवनानी ने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय अधिवेशन विचारों और तकनीक के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि फेडरेशन भविष्य में भी खानपान सेवा उद्योग को अधिक संगठित, आधुनिक और सशक्त बनाने में अग्रणी भूमिका निभाएगा।
उन्होंने देशभर से आए प्रतिनिधियों को राजस्थान विधानसभा और उसके संग्रहालय का भ्रमण करने का भी आमंत्रण दिया।
उन्होंने बताया कि विधानसभा परिसर में कारगिल शौर्य वाटिका, हर्बल गार्डन और नक्षत्र वाटिका जैसी विशेष सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।
इस अवसर पर 'फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया कैटरर्स' के अध्यक्ष नरेंद्र सोमानी और उपाध्यक्ष सुनील सिखिया ने स्वागत उद्बोधन दिया।
कार्यक्रम में व्यापारिक संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता सहित होटल एवं आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े अनेक प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
भाषा बाकोलिया संतोष
संतोष
0108 1726 जयपुर