संत रविदास समरसता संकल्प अभियान:जयपुर में निकाली भव्य कलश यात्रा एवं शोभायात्रा
राजकुमार
- 04 Aug 2026, 07:55 PM
- Updated: 07:55 PM
जयपुर, चार अगस्त (भाषा) संत रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के सिलसिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा चलाए जा रहे 'संत श्री रविदास समरसता संकल्प अभियान' के तहत मंगलवार शाम यहां भव्य कलश यात्रा एवं शोभायात्रा निकाली गई।
यह शोभायात्रा विधानसभा के सामने स्थित विद्युत मंडलेश्वर महादेव मंदिर से रवाना होकर सवाई मानसिंह स्टेडियम पहुंची।
राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा और भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं अभियान प्रभारी भूपेंद्र सैनी ने यहां पार्टी कार्यालय में पत्रकारों को बताया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में "समरसता संकल्प अभियान" के अंतर्गत पांच अगस्त को यहां सवाई मानसिंह इंडोर स्टेडियम में पूर्वाह्न साढ़े 10 बजे प्रदेश स्तरीय पवित्र रज कलश वंदन समारोह आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि संत गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली वाराणसी से प्राप्त पवित्र रज कलश 29 जुलाई को रवाना होकर 30 जुलाई को राजस्थान पहुंचा था, अब पांच अगस्त को समारोह के पश्चात पवित्र रज का वितरण प्रदेश के सभी 25 लोकसभा क्षेत्रों में किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इसके बाद यह पवित्र रज सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों के प्रमुख धार्मिक एवं सामाजिक स्थलों तथा मंदिरों तक पहुंचेगे, जहां संत रविदास महाराज के समरसता, समानता, सामाजिक सद्भाव और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सैनी ने बताया कि सवाई मानसिंह स्टेडियम में समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, दीया कुमारी, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रदेश पदाधिकारी, जिला एवं मंडल अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने कहा कि इस समारोह में 251 संत-महात्माओं का सम्मान किया जाएगा तथा प्रदेश के 25 लोकसभा क्षेत्रों के लिए पवित्र रज कलशों का विधिवत पूजन एवं वितरण होगा।
बैरवा ने कहा कि संत रविदास का संदेश आज भी सामाजिक समरसता और समानता के लिए उतना ही प्रासंगिक है, जितना सदियों पहले था।
उन्होंने बताया कि 29 जुलाई वाराणसी से शुरू हुआ श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान 20 फरवरी 2027 तक देशभर में चलेगा।
उन्होंने बताया कि 29 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक 'संत संपर्क अभियान' चलाया जाएगा जिसके तहत संत-महात्माओं, धार्मिक नेताओं और समाज के प्रबुद्धजनों से संवाद स्थापित कर संत रविदास के समरसता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाया जाएगा।
बैरवा ने कहा कि पांच अक्टूबर से पांच नवंबर तक 'संत रविदास समरसता यात्रा' निकाली जाएगी, जो विभिन्न राज्यों से होकर गुजरेगी और समाज में भाईचारे, समानता तथा सामाजिक एकता का संदेश देगी।
उन्होंने कहा कि 26 नवंबर से 15 जनवरी 2027 तक छात्रावासों में विशेष संपर्क अभियान चलाया जाएगा तथा इस दौरान विद्यार्थियों को संत रविदास के विचारों, जीवन-दर्शन, सेवा भावना और सामाजिक चेतना से परिचित कराया जाएगा।
भाषा बाकोलिया राजकुमार
राजकुमार
0408 1955 जयपुर