उत्तर पूर्वी दिल्ली पुलिस ने प्रतिबंधित चीनी मांझे की 372 चरखियां जब्त कीं, चार गिरफ्तार
दिलीप
- 07 Aug 2026, 04:40 PM
- Updated: 04:40 PM
नयी दिल्ली, सात अगस्त (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली पुलिस ने प्रतिबंधित चीनी मांझे की 372 चरखियां जब्त की हैं और चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
राष्ट्रीय राजधानी में स्वतंत्रता दिवस पर पतंगबाजी करने का रिवाज रहा है। पंद्रह अगस्त से पहले दिल्ली के कई इलाकों में पतंग और मांझे के बाजार लगते हैं। इसके अलावा गली-मोहल्लों में भी पतंग और मांझे की दुकानें खुलती हैं।
चीनी मांझे की खरीद-फरोख्त और उपयोग पर प्रतिबंध है। यह मांझा नायलॉन के धागे से बना होता है और इसपर कांच और धातु का लेप लगाया जाता है, जिससे यह आसानी से नहीं टूटता है और घातक हो जाता है।
उत्तर पूर्वी दिल्ली के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संदीप लांबा ने बताया कि प्रतिबंधित चीनी मांझा के अवैध भंडारण और बिक्री के संबंध में विशिष्ट खुफिया जानकारी मिली थी, जिसपर एक विशेष टीम ने समन्वित अभियान चलाया और आपूर्ति श्रृंखला को ध्वस्त करने के लिए कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई।
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को टीम ने ज्योति नगर में एमआईजी फ्लैट्स के डीडीए पार्क के पास से कामरान (20) नामक युवक को पकड़ा, जिसके पास से प्रतिबंधित चीनी मांझे की 45 चरखियां मिलीं।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में कामरान ने खुलासा किया कि उसने प्रतिबंधित मांझा उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के लोनी निवासी आकाश (38) और प्रेम कुमार (65) से खरीदा था। उसके खुलासे के आधार पर, पुलिस टीम ने तुरंत छापेमारी की।
अधिकारी ने बताया कि कामरान की निशानदेही पर आकाश व प्रेम कुमार को पकड़ लिया गया और उनके पास प्रतिबंधित मांझे की क्रमश: 46 और 43 चरखियां बरामद की गईं।
लांबा के अनुसार, पूछताछ के दौरान उनके खुलासे पर टीम ने दिल्ली के अशोक नगर इलाके में एक और छापेमारी की, जहां रवि उर्फ गोलू (27) के कब्जे से प्रतिबंधित चीनी मांझे की 238 चरखियां बरामद की गईं। बरामद स्टॉक को उत्तर-पूर्वी जिले के खुदरा बाजारों में आपूर्ति और बेचने के इरादे से रखा गया था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता एवं पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम, 1986 के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले में आरोपियों को पांच साल तक की कैद, एक लाख रुपये तक का जुर्माना या दोनों का सामना करना पड़ सकता है।
भाषा नोमान दिलीप
दिलीप
0708 1640 दिल्ली