टीडीबी ने शबरिमला घी विवाद के बाद पारदर्शी खरीद प्रक्रिया का आश्वासन दिया
दिलीप
- 07 Aug 2026, 05:11 PM
- Updated: 05:11 PM
तिरुवनंतपुरम, सात अगस्त (भाषा) त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) के अध्यक्ष के. जयकुमार ने शुक्रवार को कहा कि बोर्ड सभी खरीद प्रक्रियाओं में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करेगा, ताकि 2025-26 की शबरिमला तीर्थयात्रा के दौरान राज्य संचालित डेयरी सहकारी संस्था 'मिल्मा' द्वारा घी की आपूर्ति में कथित अनियमितताओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।
केरल उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा टीडीबी के पूर्व अध्यक्ष पी. एस. प्रशांत समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किये जाने के बाद उनकी यह टिप्पणी आई है। यह मामला पिछले तीर्थयात्रा सत्र के दौरान मिल्मा द्वारा शबरिमला मंदिर को आपूर्ति किये गये घी की गुणवत्ता और मात्रा में कथित अनियमितताओं को लेकर दर्ज किया गया है।
जयकुमार ने पत्रकारों से कहा कि बोर्ड ने शबरिमला में प्रसाद के लिए की जाने वाली खरीद प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा, ''ऐसा दोबारा नहीं होना चाहिए। हमने यह सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है कि शबरिमला के प्रसाद के लिए आवश्यक सभी वस्तुओं की खरीद प्रक्रिया में उच्च स्तर की पारदर्शिता और सावधानी बरती जाए। चौबीस वस्तुओं के लिए खुली निविदा आमंत्रित की गई है और आज होने वाली बोर्ड की बैठक में निविदा प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी तथा प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए दिशानिर्देशों को अंतिम रूप दिया जायेगा।''
उन्होंने कहा कि बोर्ड ठेका देने के लिए नीलामी प्रक्रिया (कुथका लेलम) के लिए भी नये दिशानिर्देश तैयार करेगा, क्योंकि पूर्व में इस प्रक्रिया को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं।
जयकुमार ने कहा, ''हम गुड़, घी, जीरा और सूखी अदरक जैसी वस्तुओं की बड़ी मात्रा में खरीद करते हैं। सभी खरीद प्रक्रियाएं ई-निविदा प्रक्रिया के माध्यम से पूरी की जाएंगी। लोगों को बोर्ड कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से आने की आवश्यकता नहीं है और सभी पूछताछ ऑनलाइन माध्यम से की जाएगी। हम अतीत में अपनाई गई अवांछनीय प्रथाओं की पहचान कर इन्हें समाप्त कर रहे हैं।''
उन्होंने कहा कि बोर्ड केवल पहले से तय समय-सारणी का पालन करने के लिए निविदा प्रक्रिया में जल्दबाजी नहीं करेगा।
उन्होंने कहा, ''इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि प्रक्रिया पिछले साल की तुलना में देर से शुरू हुई है। हम जल्दबाजी करके गलतियां नहीं करना चाहते। सभी निविदा प्रक्रियाएं नवंबर से पहले पूरी कर ली जाएंगी।''
कथित अनियमितताओं से संबंधित सतर्कता विभाग की रिपोर्ट पर पूछे गए सवाल के जवाब में जयकुमार ने कहा कि कोई नयी रिपोर्ट नहीं है।
उन्होंने कहा, ''रिपोर्ट पिछले सप्ताह सौंप दी गई थी। वही रिपोर्ट अदालत में भी प्रस्तुत की गई है। इसमें कुछ भी नया नहीं है।''
भाषा
देवेंद्र दिलीप
दिलीप
0708 1711 तिरुवनंतपुरम