झारखंड: दुष्कर्म के आरोपी की हत्या के मामले में चार पुलिसकर्मी निलंबित
नरेश
- 07 Aug 2026, 06:46 PM
- Updated: 06:46 PM
चतरा (झारखंड), सात जुलाई (भाषा) झारखंड के चतरा जिले में गुस्साए लोगों द्वारा दुष्कर्म के एक आरोपी की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में दो उपनिरीक्षकों सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार रात एक लड़की का कथित तौर पर बलात्कार करने के आरोप में आरोपी व्यक्ति की मंगलवार को पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अब तक कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिमेष नैथानी ने बताया कि टंडवा के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) प्रभात रंजन बरवार द्वारा की गई जांच के आधार पर यह पाया गया कि आरोपियों द्वारा हत्या किए जाने के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने इसे रोकने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया था।
एसपी ने बताया कि लापरवाही के आरोपों में उपनिरीक्षक सुनील सिंह और दुलारी पूर्ति तथा कॉन्स्टेबल दशरथ महतो और प्रदीप कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि दुष्कर्म की घटना सोमवार रात उस समय हुई जब लड़की शौच के लिए बाहर गई हुई थी। इसके बाद पीड़िता के परिजनों ने रात भर उसकी तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
अगली सुबह घर लौटने पर लड़की ने घटना की जानकारी दी तो उसके परिजनों और अन्य ग्रामीणों ने उसी गांव में रहने वाले आरोपी को उसके घर से बाहर निकाला और लाठियों तथा पत्थरों से उसकी जमकर पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी को अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां उसकी मौत हो गई।
उसने बताया कि आरोपी वर्ष 2023 के बलात्कार के एक मामले में जेल में बंद था और हाल ही में उसे रिहा किया गया था।
इस बीच, झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग (जेएसएमसी) के अध्यक्ष हिदायतुल्ला खान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को घटनास्थल का दौरा किया।
प्रतिनिधिमंडल ने जमीनी हकीकत, घटना के कारणों और अब तक की गई पुलिस कार्रवाई की जानकारी लेने के लिए मृतक के परिवार से मुलाकात की।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर घटना के संबंध में पुलिस की कार्रवाई, दर्ज मामले, अब तक मामले में हुई गिरफ्तारियों और पीड़िता के परिवार को उपलब्ध कराई गई प्रशासनिक सहायता की जानकारी ली।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश
0708 1846 चतरा