महाराष्ट्र विस चुनाव: शिवसेना (यूबीटी) ने 65 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की
अमित अविनाश
- 23 Oct 2024, 10:37 PM
- Updated: 10:37 PM
मुंबई, 23 अक्टूबर (भाषा) शिवसेना (यूबीटी) ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए 65 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची बुधवार शाम जारी कर दी। इसके अनुसार, पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे को मध्य मुंबई में वर्ली विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है। आदित्य ठाकरे वर्ली से वर्तमान विधायक हैं।
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी शिवसेना (यूबीटी) विपक्षी महा विकास आघाडी गठबंधन का पहला घटक दल है जिसने उम्मीदवारों की सूची जारी की है। कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने अभी तक अपनी सूची जारी नहीं की है।
युवा शिवसेना नेता एवं आदित्य ठाकरे के रिश्तेदार वरुण सरदेसाई शहर की बांद्रा (पूर्व) सीट से चुनाव लड़ेंगे।
पार्टी ने अपने अधिकतर विधायकों को फिर से उम्मीदवार बनाया है जो 2022 में शिवसेना में विभाजन के बाद उद्धव ठाकरे के साथ बने रहे। हालांकि, मुंबई की शिवडी सीट से उम्मीदवार की घोषणा अभी बाकी है, जहां अभी पार्टी के अजय चौधरी विधायक हैं।
ठाणे की कोपरी-पंचपाखडी सीट पर, जहां से राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मैदान में हैं, शिवसेना (यूबीटी) ने केदार दीघे को मैदान में उतारा है। केदार दीघे दिवंगत नेता आनंद दीघे के रिश्तेदार हैं। आनंद दीघे को एकनाथ शिंदे का राजनीतिक गुरु माना जाता है।
मध्य मुंबई के माहिम में, शिवसेना (यूबीटी) के महेश सावंत का मुकाबला शिवसेना के सदा सर्वणकर और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अमित ठाकरे (मनसे प्रमुख राज ठाकरे के बेटे) के साथ होगा।
शिवसेना (यूबीटी) ने पूर्व सांसद राजन विचारे को ठाणे शहर विधानसभा सीट से मैदान में उतारा है, जो इस साल लोकसभा चुनाव हार गए थे। विचारे ने 2009 से 2014 में लोकसभा चुनाव जीतने तक इस सीट का प्रतिनिधित्व किया था।
सत्यजीत पाटिल को कोल्हापुर जिले के शाहुवाडी से मैदान में उतारा गया है।
शिवसेना (यूबीटी) की पहली सूची में कुछ दलबदलुओं को भी जगह मिली है। पूर्व सांसद उन्मेष पाटिल को जलगांव जिले के चालीसगांव से मैदान में उतारा गया है। वह भाजपा से लोकसभा टिकट नहीं मिलने के बाद पार्टी छोड़कर शिवसेना (यूबीटी) में शामिल हुए थे।
महाराष्ट्र में 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 20 नवंबर को होंगे।
भाषा अमित