निर्माता संगठन ने अनुशासनहीनता के आरोप में प्रसिद्ध निर्माता सैंड्रा थॉमस को निष्कासित किया
जितेंद्र माधव
- 05 Nov 2024, 04:27 PM
- Updated: 04:27 PM
कोच्चि, पांच नवंबर (भाषा) फिल्म निर्माता सैंड्रा थॉमस को संगठनात्मक अनुशासन और मानदंडों का उल्लंघन करने के आरोप में केरल फिल्म निर्माता संघ (केएफपीए) से निष्कासित कर दिया गया।
थॉमस ने मलयालम सिनेमा में महिलाओं द्वारा कथित उत्पीड़न और शोषण का सामना किये जाने को लेकर हाल ही में जारी न्यायमूर्ति हेमा समिति की रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे पर केएफपीए सहित फिल्म संगठनों की चुप्पी पर सवाल उठाया था।
संघ ने थॉमस के विचारों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
केएफपीए की कार्यकारी समिति की 28 अक्टूबर को बुलाई गई बैठक में यह निर्णय लिया गया कि थॉमस लगातार अनुशासन का उल्लंघन कर रही हैं और समिति के सदस्यों के खिलाफ निराधार आरोप लगा रही हैं।
केएफपीए ने थॉमस को हाल में लिखे पत्र में कारण बताओ नोटिस पर उनके जवाब को भी संतोषजनक नहीं पाया था।
केएफपीए सचिव बी राजेश ने 28 अक्टूबर को जारी एक पत्र में बताया, “इसलिए सैंड्रा थॉमस प्रोडक्शंस और फर्म का प्रतिनिधित्व करने वाली व्यक्ति के रूप में आपकी सदस्यता रद्द करने का निर्णय लिया गया है।”
यह पत्र मंगलवार को सार्वजनिक हुआ।
थॉमस ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए संवाददाताओं से कहा कि विस्तृत स्पष्टीकरण देने के बावजूद उन्हें संघ ने निष्कासित कर दिया।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, “न्यायमूर्ति हेमा कमेटी की रिपोर्ट जारी होने के बाद कई महिलाएं खुलासे कर रही हैं। मुझे लगता है कि उन्होंने (फिल्म संघ ने) ऐसी सभी महिलाओं को चुप कराने के इरादे से मुझे निष्कासित किया है।”
थॉमस ने कहा कि अगर उनके जैसे निर्माता का अनुभव ऐसा है तो ऐसे तकनीशियन या कलाकार की क्या स्थिति होगी जो शिकायत लेकर ऐसे संगठनों के पास जाता है।
उन्होंने हाल में फिल्म संघ के नौ पदाधिकारियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
थॉमस ने पदाधिकारियों पर फिल्म निर्माण से संबंधित विवाद को सुलझाने के लिए उन्हें आमंत्रित करने के बाद एक बैठक के दौरान आपत्तिजनक तरीके से व्यवहार करने का आरोप लगाया गया था।
एर्णाकुलम सेंट्रल पुलिस ने थॉमस की शिकायत पर अक्टूबर में पदाधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था लेकिन निर्माताओं ने आरोपों को खारिज कर दिया था।
भाषा जितेंद्र