गुजरात: बिना जरूरत एंजियोप्लास्टी करने के मामले में फरार अस्पताल निदेशक राजस्थान से गिरफ्तार
संतोष पवनेश
- 14 Dec 2024, 08:01 PM
- Updated: 08:01 PM
अहमदाबाद, 14 दिसंबर (भाषा) गुजरात में अहमदाबाद शहर के एक निजी अस्पताल में कथित तौर पर बगैर जरूरत की गई ‘एंजियोप्लास्टी’ करने के कारण प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएमजेएवाई) के दो लाभार्थियों की मौत के मामले में अस्पताल निदेशक की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में पकड़े गए लोगों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
यहां ख्याति मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में 11 नवंबर को सात लोगों की एंजियोप्लास्टी की गई थी जिसके बाद उनमें से दो की मृत्यु हो गई। इस घटना के अगले दिन वस्त्रपुर पुलिस ने तीन प्राथमिकी दर्ज की।
एंजियोप्लास्टी एक ऐसी प्रक्रिया है जो हृदय में रक्त के प्रवाह को बेहतर बनाने के लिए अवरुद्ध या संकुचित कोरोनरी धमनियों को चौड़ा करती है।
जांच से पता चला कि अस्पताल ने पीएमजेएवाई कार्डधारकों को चिकित्सीय आवश्यकता नहीं होने के बावजूद एंजियोप्लास्टी कराने के लिए मनाने के लिए गांवों में मुफ्त जांच शिविर आयोजित किए। सरकार से मंजूरी लेने में तेजी लाने के लिए उन्हें ‘आपात’ स्थित में प्रदर्शित किया, जिसके बाद अस्पताल ने केंद्रीय योजना के तहत भुगतान प्राप्ति के लिए (केंद्र से) दावा किया।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि अस्पताल ने पिछले साल पीएमजेएवाई से 11 करोड़ रुपये कमाए, जिसमें से 70 प्रतिशत राशि ऐसे दावों के जरिये प्राप्त की गई थी।
पुलिस की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि गुप्त सूचना के आधार पर ख्याति मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के निदेशकों में से एक राजश्री कोठारी को अपराध शाखा की एक टीम ने उस समय पकड़ लिया, जब वह और उनके पति डॉ. प्रदीप कोठारी राजस्थान के कोटा से भीलवाड़ा जा रहे थे।
विज्ञप्ति के अनुसार, 12 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज होने के तुरंत बाद कोठारी दंपति राजस्थान चले गए जहां वे पांच दिनों तक उदयपुर में रहे, फिर 10 दिनों तक भीलवाड़ा में रहे और फिर कोटा चले गए। पुलिस ने कहा कि प्रदीप कोठारी इस मामले में आरोपी नहीं हैं।
अपराध शाखा ने कहा, ‘‘राजश्री कोठारी और उनके पति ने ख्याति मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल शुरू करने के लिए संजय पटोलिया के साथ साझेदारी की। दंपति की इसमें 3.61 प्रतिशत हिस्सेदारी है। वह 22 सितंबर, 2021 को निदेशक के रूप में शामिल हुईं।’’
इस महीने की शुरुआत में अहमदाबाद की एक अदालत ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
इस मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रशांत वजीरानी, अस्पताल के सीईओ राहुल जैन, मार्केटिंग निदेशक चिराग राजपूत, मार्केटिंग अधिकारी मिलिंद पटेल और उनके दो सहायक पंकिल पटेल और प्रतीक भट्ट शामिल हैं। इस मामले में गिरफ्तार होने वाला सातवां व्यक्ति संजय पटोलिया था।
पुलिस ने कहा कि इस मामले में नामजद नौवां व्यक्ति अस्पताल का चेयरमैन कार्तिक पटेल है जो अभी फरार है।
भाषा संतोष