केजरीवाल आम आदमी पार्टी के मूल सिद्धांतों से भटक गए: स्वाति मालीवाल
पवनेश
- 24 Apr 2026, 07:33 PM
- Updated: 07:33 PM
नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) अपने राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में अपने मूल सिद्धांतों से भटक गई है और कदाचार में लिप्त व्यक्तियों को संरक्षण दे रही है।
मालीवाल ने पार्टी छोड़ने की घोषणा करने के बाद 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने 2006 में राष्ट्रीय और सार्वजनिक सेवा का मार्ग चुना था।
उन्होंने कहा, ''आरटीआई आंदोलन और अन्ना आंदोलन से लेकर आम आदमी पार्टी के गठन और दिल्ली महिला आयोग में मेरी आठ साल की सेवा तक, मैंने हर स्तर पर पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ योगदान दिया।''
मालीवाल ने कहा, ''आरटीआई आंदोलन और अन्ना आंदोलन से लेकर आम आदमी पार्टी के गठन तथा दिल्ली महिला आयोग में आठ वर्षों की सेवा तक, मैंने हर स्तर पर पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ योगदान दिया।''
उन्होंने कहा, ''आज मुझे बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि जिन सिद्धांतों, मूल्यों और ईमानदार राजनीति के संकल्प के साथ हमने यह यात्रा शुरू की थी, उन्हें अरविंद केजरीवाल जी और उनके इशारे पर पूरी आम आदमी पार्टी ने त्याग दिया है।''
केजरीवाल के आधिकारिक आवास पर हुई घटना को याद करते हुए, मालीवाल ने आरोप लगाया कि उनके निर्देशों पर उनपर हमला किया गया और उनके साथ घोर दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने दावा किया कि आरोपियों को बचाने के प्रयास किये गए।
उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर ''व्यापक भ्रष्टाचार'' को बढ़ावा देने, ''आपराधिक तत्वों'' को प्रोत्साहित करने और महिलाओं के खिलाफ उत्पीड़न व हिंसा से संबंधित मुद्दों का हल करने में विफल रहने का भी आरोप लगाया।
मालीवाल ने कहा, ''केजरीवाल जी के संरक्षण में आम आदमी पार्टी में बेरोक-टोक बढ़ते भ्रष्टाचार, महिलाओं के खिलाफ उत्पीड़न और मारपीट की घटनाओं, गुंडागर्दी करने वाले तत्वों को बढ़ावा देने और पंजाब में हो रही धोखाधड़ी और लूट को देखते हुए, मैंने आज पार्टी छोड़ने का फैसला किया।''
शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) को उस वक्त बड़ा झटका लगा, जब राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल समेत उसके सात राज्यसभा सदस्यों ने पार्टी छोड़ने की घोषणा की।
चड्ढा ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पार्टी की सांसद स्वाति मालीवाल और हरभजन सिंह भी 'आप' छोड़ रहे हैं।
मालीवाल ने कहा कि वह शुक्रवार रात दिल्ली पहुंचने पर इस विषय पर विस्तार से बात करेंगी।
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश
2404 1933 दिल्ली