पंजाब के लोग पाला बदलने वालों को माफ नहीं करेंगे : आम आदमी पार्टी
माधव
- 24 Apr 2026, 08:27 PM
- Updated: 08:27 PM
नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को अपने सात राज्यसभा सदस्यों के इस्तीफे को ''पंजाब के साथ विश्वासघात'' करार दिया तथा भाजपा पर पार्टी में विभाजन की साजिश रचने और केंद्रीय एजेंसियों का डर दिखाकर उसके नेताओं को पाला बदलने पर मजबूर करने का आरोप लगाया।
पार्टी ने कहा कि पंजाब की जनता उन लोगों को माफ नहीं करेगी जिन्होंने संसद में पहुंचने के बाद ''राज्य की पीठ में छुरा घोंपा।''
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''भाजपा ने एक बार फिर पंजाबियों के साथ धोखा किया है।''
शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) को एक बड़ा झटका लगा जब राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल समेत उसके सात राज्यसभा सांसदों ने पार्टी छोड़ दी।
चड्ढा के साथ आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पाठक ने भाजपा में शामिल होने के उनके फैसले की घोषणा की।
चड्ढा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्यों में से लगभग दो-तिहाई - यानी 10 में से सात - ने पार्टी छोड़ दी है और वे एक गुट के रूप में भाजपा में शामिल होंगे।
उन्होंने घोषणा की कि स्वाति मालीवाल और हरभजन सिंह समेत सात लोग उनके साथ हैं।
'आप' नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि जो सांसद ''डर, लालच और निजी मजबूरियों'' के चलते भाजपा के सामने झुक गए और पंजाब की जनता के साथ विश्वासघात किया, उन्हें राज्य कभी माफ नहीं करेगा।
सिसोदिया ने कहा, ''पंजाब गद्दारों को कभी माफ नहीं करता।''
उन्होंने कहा कि जहां गुजरात में कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं, वहीं कुछ नेताओं ने दल-बदल का विकल्प चुना।
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर पार्टी के नेताओं को अपने पाले में लाकर 'आप' को कमजोर करने का आरोप लगाया।
सिंह ने कहा, ''उन्होंने पंजाब की जनता के साथ विश्वासघात किया है। पंजाब की जनता को इन सात नामों को याद रखना चाहिए। राज्य के साथ विश्वासघात करने वालों को जनता कभी माफ नहीं करेगी।''
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी और पंजाब की जनता ने इन नेताओं को जमीनी स्तर से संसद तक पहुंचने में मदद की, लेकिन उन्होंने ''पंजाब की पीठ में छुरा घोंपा।''
सिंह ने कहा कि जिस व्यक्ति पर कुछ दिन पहले तक ईडी छापेमारी कर रही थी, वह अब भाजपा में है। उन्होंने कहा, ''इसका मतलब यह है कि यह 'ऑपरेशन लोटस' है।''
'आप' के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने आरोप लगाया कि पार्टी नेताओं में भय पैदा करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
भाषा
शफीक माधव
माधव
2404 2027 दिल्ली