दिल्ली में भीषण गर्मी: मुख्यमंत्री ने अस्पतालों, स्कूल, बस स्टैंड पर पानी की व्यवस्था करने को कहा
अविनाश
- 24 Apr 2026, 09:04 PM
- Updated: 09:04 PM
नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान के 42 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने के बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अस्पतालों, स्कूलों, निर्माण स्थलों, थानों व बस स्टैंड समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने और प्रमुख स्थानों पर ओआरएस उपलब्ध कराने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी बयान के मुताबिक, गुप्ता ने सभी स्कूलों में 'वॉटर बेल' प्रणाली शुरू करने के भी निर्देश दिए ताकि बच्चों को नियमित अंतराल पर पानी पीने के लिए प्रेरित किया जा सके और उन्हें 'डिहाइड्रेशन' से बचाया जा सके।
उन्होंने प्रत्येक अस्पताल में लू लगने से बीमार मरीज़ों के लिए पर्याप्त बेड की उपलब्धता सुनिश्चित करने और सभी एम्बुलेंस में इसके उपचार की आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने के भी निर्देश दिए।
बयान के अनुसार, गुप्ता ने शुक्रवार को 'हीट वेव एक्शन प्लान 2026' की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की समीक्षा की। दिल्ली सचिवालय में आयोजित इस बैठक में मुख्य सचिव राजीव वर्मा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि गर्मी की स्थिति से निपटने के लिए हर स्तर पर व्यवस्था की जाए।
यह निर्देश ऐसे वक्त आए हैं जब शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी का अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार के लिए भीषण गर्मी का 'येलो अलर्ट' जारी किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी में भीषण गर्मी के मद्देनजर सरकार पूरी तरह सतर्क है और वर्ष 2030 तक लू से होने वाली मृत्यु को शून्य तक लाना उसका स्पष्ट लक्ष्य है।
उन्होंने अस्पतालों, स्कूलों, निर्माण स्थलों, अटल कैंटीन, थानों, डाकघरों और डीटीसी बस स्टैंड पर स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सभी प्रमुख स्थानों पर ओआरएस की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
गुप्ता ने कहा कि पूरे शहर में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए ताकि लोग भीषण गर्मी व लू से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक हो सकें।
बयान में कहा गया है कि पूरी दिल्ली में 339 से अधिक स्वास्थ्य केंद्रों में ओआरएस व 'आइस पैक' आदि की व्यवस्था की गई तथा 30 से अधिक अस्पतालों में विशेष 'कूल रूम' स्थापित किए गए हैं।
बयान के अनुसार, इसके अलावा 174 चिकित्सा अधिकारियों और आशा कार्यकर्ताओं को गर्मी से संबंधित बीमारियों के प्रबंधन के लिए प्रशिक्षित किया गया है, जबकि 330 एम्बुलेंस को आपात स्थिति के लिए तैयार रखा गया है।
इसमें कहा गया है, "दिल्ली पुलिस द्वारा 11,000 से अधिक एयर कूलर और 1,900 से अधिक वाटर कूलर लगाए गए हैं, जबकि यातायात पुलिस कर्मियों द्वारा ओआरएस पैकेट का व्यापक वितरण किया जा रहा है। इसे आने वाले दिनों में बढ़ाया जाएगा।"
मुख्यमंत्री ने निर्माण एवं अन्य बाहरी कार्यों में लगे श्रमिकों और अन्य संवेदनशील वर्गों की सुरक्षा के संबंध निर्देश दिए कि उनके कार्य समय में आवश्यक बदलाव किया जाए।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश
2404 2104 दिल्ली