अहमदाबाद में दूषित जल: सात लोग अस्पताल में भर्ती, केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने स्थिति की समीक्षा की
माधव
- 04 Jun 2026, 06:28 PM
- Updated: 06:28 PM
अहमदाबाद, चार जून (भाषा) अहमदाबाद शहर के घाटलोडिया इलाके में दूषित पानी के सेवन से कम से कम 50 लोग बीमार पड़ गए और उनमें से सात फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं। नगर निगम ने सर्वेक्षण करने और चिकित्सा दल तैनात करने का आदेश दिया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य के अधिकारियों से बात की और स्थिति का जायजा लिया। इस घटना से इलाके में अतिसार और उल्टी के प्रकोप की खबरों ने दहशत पैदा कर दी और स्थानीय लोगों को इंदौर में हाल में पानी दूषित होने के कारण हुई घटना याद आ गई।
सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया, "गांधीनगर से लोकसभा सदस्य और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद के घाटलोडिया विधानसभा क्षेत्र के उत्तर-पश्चिम जोन के गोटा वार्ड की कुछ सोसाइटी में अतिसार और उल्टी की समस्या के संबंध में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अहमदाबाद के महापौर हितेश बारोट से बात की।"
विज्ञप्ति में कहा गया है कि घाटलोडिया शाह के लोकसभा क्षेत्र में पड़ता है। केंद्रीय मंत्री ने नगर आयुक्त वांछानिधि पाणि और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सभी आवश्यक उपाय करने का निर्देश दिया है, साथ ही यह भी बताया गया है कि पाइपलाइन की मरम्मत के लिए युद्धस्तर पर कदम उठाए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम उन सभी हाउसिंग सोसाइटी में पहुंची जहां अतिसार और उल्टी के मामले सामने आए थे और घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया, साथ ही पानी को शुद्ध करने के लिए क्लोरीन की गोलियां भी वितरित की गईं।
अहमदाबाद नगर निगम के स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भाविन सोलंकी ने कहा, "अधिकारियों ने निवारक उपाय किए हैं, घर-घर जाकर सर्वेक्षण किए हैं, क्लोरीन जांच की गई है और क्षेत्र में चिकित्सा दल तैनात किए हैं।" उन्होंने बताया कि क्षेत्र से पानी के 19 नमूने एकत्र किए गए हैं।
उन्होंने 'पीटीआई भाषा' को बताया, "प्रभावित 11 व्यक्तियों में से सात बृहस्पतिवार को भी अस्पताल में भर्ती रहे।" उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है।
जहां स्थानीय निवासियों का दावा था कि पिछले चार दिनों में दूषित पानी पीने से सैकड़ों लोग बीमार पड़ गए, वहीं आयुक्त पाणि ने बुधवार को कहा था कि 30 मई को पानी और जल निकासी पाइपलाइन में खराबी के कारण लगभग 50 लोग बीमार पड़े थे। उन्होंने कहा था कि खराबी को तुरंत ठीक कर दिया गया था।
'आकांक्षा अपार्टमेंट' के अध्यक्ष राकेश पटेल ने दावा किया कि अपार्टमेंट के लगभग 600 निवासियों में अतिसार और उल्टी जैसे लक्षण दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि कुछ मरीजों ने निजी अस्पतालों में इलाज कराया।
भाषा
शुभम माधव
माधव
0406 1828 अहमदाबाद