दिल्ली की इलेक्ट्रिक डबल डेकर पर्यटन बस में अब तक 1,500 से अधिक यात्रियों ने किया सफर
शफीक
- 16 Jun 2026, 07:09 PM
- Updated: 07:09 PM
नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) दिल्ली की इलेक्ट्रिक डबल डेकर पर्यटन बस सेवा के शुरू होने के बाद से अब तक 1,500 से अधिक यात्री इसमें सफर कर चुके हैं। पर्यटन विभाग ने अधिक पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए ग्रीष्मकालीन मौसम में टिकट की दरों में भी कमी की है।
एक अधिकारी ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि बस सेवा शुरू होने के पहले महीने में ही करीब 800 यात्रियों ने इसमें सफर किया था, जबकि शुरुआत के तीन महीनों के भीतर यात्रियों की संख्या 1,200 के पार पहुंच गई।
उन्होंने कहा कि नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, 12 जून तक कुल 1,540 यात्री इस बस में यात्रा कर चुके हैं, जो पर्यटकों के बीच इसे लेकर बढ़ती रुचि को दर्शाता है।
गर्मियों के मौसम में अधिक यात्रियों को आकर्षित करने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग ने वयस्कों के लिए टिकट मूल्य 500 रुपये से घटाकर 300 रुपये तथा बच्चों के लिए 300 रुपये से घटाकर 200 रुपये कर दिया है।
अधिकारी ने बताया कि टिकट की इस रियायती दर को अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है, विशेष रूप से सप्ताहांत में जब कुल यात्रियों का एक बड़ा हिस्सा इस बस सेवा का उपयोग करता है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, बस सेवा शुरू होने के बाद से यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। बस का परिचालन 28 फरवरी को शुरू होने के बाद फरवरी में 12 यात्रियों ने यात्रा की, जबकि मार्च में यह संख्या 432, अप्रैल में 372, मई में 424 और 12 जून तक यात्रियों की संख्या 300 रही।
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल इस पहल को एक पायलट परियोजना के रूप में संचालित किया जा रहा है और लोगों की प्रतिक्रिया के आधार पर भविष्य में अतिरिक्त मार्गों पर भी बस सेवा शुरू करने पर विचार किया जा सकता है।
अधिकारी ने कहा कि पर्यटन विभाग वर्तमान में दो मार्गों पर यह सेवा संचालित कर रहा है। कार्यदिवसों में बस सेवा विजय चौक से शुरू होती हैं, जो सेंट्रल विस्टा क्षेत्र के प्रमुख स्थलों को कवर करने के बाद विभिन्न संग्रहालयों और प्रधानमंत्री संग्रहालय तक जाती है।
सप्ताहांत में बस सेवा दिल्ली हाट, आईएनए से शुरू होती है और इसमें राष्ट्रपति भवन में होने वाला 'चेंज ऑफ गार्ड' समारोह भी शामिल है। अधिकारियों के अनुसार पर्यटकों के बीच 'चेंज ऑफ गार्ड' समारोह सबसे लोकप्रिय आकर्षणों में से एक है।
राष्ट्रीय राजधानी में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिल्ली सरकार ने फरवरी में इस बस सेवा की शुरुआत की थी। इसके तहत राष्ट्रपति भवन, भारत मंडपम, राष्ट्रीय समर स्मारक, नया संसद भवन परिसर, दिल्ली हाट और प्रधानमंत्री संग्रहालय सहित कई प्रतिष्ठित स्थलों का भ्रमण कराया जाता है।
63 यात्रियों के बैठने की क्षमता वाली वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बस में प्रशिक्षित टूर एस्कॉर्ट भी मौजूद रहता है, जो यात्रियों को भ्रमण स्थलों के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी देता है।
यह सेवा लगभग चार दशक बाद दिल्ली की सड़कों पर डबल डेकर बसों की वापसी का भी प्रतीक है।
इससे पहले, दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ऐसी बसों का संचालन करता था, लेकिन पुराने हो चुके बेड़े के कारण वर्ष 1989 में इन्हें चरणबद्ध तरीके से बंद कर दिया गया था।
भाषा रवि कांत रवि कांत शफीक
शफीक
1606 1909 दिल्ली