अवसाद, बेचैनी से दीपिका की लड़ाई ने मेरी आंखें खोल दीं : बहन अनीशा पादुकोण
अविनाश
- 17 Jun 2026, 09:30 PM
- Updated: 09:30 PM
(सत्यम द्विवेदी)
नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की छोटी बहन अनीशा ने कहा कि 2014 में बेचैनी और अवसाद से दीपिका की लड़ाई ने उनकी आंखें खोल दीं तथा उन्हें एहसास हुआ कि वह मानसिक स्वास्थ्य के बारे में ज्यादा नहीं जानतीं।
'पीटीआई वीडियो' के साथ साक्षात्कार में अनीशा ने कहा कि उस समय उन्हें लगता था कि उन्हें मानसिक स्वास्थ्य के बारे में काफी जानकारी है, लेकिन बाद में उन्हें एहसास हुआ कि ऐसा नहीं है।
अनीशा ने कहा, "सच कहूं तो मुझे इसके लक्षणों और संकेतों के बारे में इतनी जानकारी नहीं थी कि मैं समझ पाऊं कि वह (दीपिका) असल में किस दौर से गुजर रही हैं। हम एक शहर में नहीं रहते थे, इस बात ने स्थिति को और मुश्किल बना दिया, क्योंकि मैं अपनी बहन की हालत से पूरी तरह से अनजान और बेखबर थी। मुझे लगा कि मुझे इस विषय के बारे में काफी जानकारी है, लेकिन अफसोस कि ऐसा नहीं था।"
अनीशा ने कहा कि उनका परिवार खुशकिस्मत है कि उसे मानसिक स्वास्थ्य देखभाल तक पहुंच हासिल है और वह इसका खर्च उठाने में सक्षम है। उन्होंने कहा, "दुर्भाग्य से हर किसी के पास यह सुविधा और पहुंच नहीं है।"
दीपिका ने 2014 में अवसाद से अपनी लड़ाई के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने भारत में मानसिक स्वास्थ्य के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए 'लिव लव लाफ फाउंडेशन' की स्थापना भी की।
बाद में अनीशा भी मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में 'लिव लव लाफ फाउंडेशन' से जुड़ गईं।
अनीशा ने कहा कि उनकी बहन के अनुभव ने उन्हें मानसिक स्वास्थ्य के बारे में बहुत जागरुक बनाया।
उन्होंने कहा, "दीपिका की यात्रा मुझे सिखाती है कि मैं इस विषय के बारे में काफी कुछ नहीं जानती और उन्हें (दीपिका) सही तरीके से सहारा देने के लिए मुझे और पढ़ने और समझने की जरूरत है। यहीं से मेरी अपनी मानसिक स्वास्थ्य की यात्रा भी शुरू हुई।"
पेशेवर गोल्फ खिलाड़ी अनीशा ने कहा कि उन्होंने हमेशा शारीरिक सेहत को प्राथमिकता दी, लेकिन मानसिक सेहत पर उतना ध्यान नहीं दिया।
उन्होंने कहा, "मैं इस विषय के बारे में जितना ज्यादा पढ़ती हूं और इसे समझने का प्रयास करती हूं, उतना ही मुझे एहसास होता है कि न सिर्फ भारत में, बल्कि दुनियाभर में लाखों लोग ऐसे ही अनुभवों से गुजर रहे हैं।"
भाषा पारुल अविनाश
अविनाश
1706 2130 दिल्ली